मध्य प्रदेश के सागर से छुट्टी पर घर लौट रहे सैन्य हवलदार जागृति विहार निवासी संजय सिंह की सड़क हादसे में मौत हो गई। एक डंपर की साइड लगने के बाद उनकी कार नाले में जा गिरी थी। रविवार देर रात एक बजे उनका शव घर पहुंचा। सोमवार सुबह सूरजकुंड पर गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान सांसद राजेंद्र अग्रवाल, विधायक अमित अग्रवाल सहित अन्य भाजपा नेता और सैन्य अधिकारी मौजूद रहे।
जानी थाना क्षेत्र के गांव टिमकिया निवासी भूले सिंह सिंचाई विभाग से सेवानिवृृत्त हैं। वह पिछले 40 साल से जागृति विहार में परिवार के साथ रहते हैं। उनके बेटे संजय सिंह 2004 में सेना में भर्ती हो गए थे और उनकी बहन विजयालक्ष्मी सीआईएसएफ अमृतसर में हैं। संजय सागर में सेवारत थे। उनकी पत्नी कनिका यहां खरखौदा में प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका है। उनकी बेटी ख्याति सिंह (9) और बेटा अदम्य (5) हैं। ख्याति कक्षा चार में पढ़ती है और अदम्य प्री नर्सरी में है।
संजय के बहनोई रोहित ने बताया कि शुक्रवार रात 11 बजे संजय छ्ट्टी लेकर अपनी कार से घर के लिए निकले थे। जब वह करीब आठ किलोमीटर दूर गांव मालकौन के पास पहुंचे तो पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने कार को साइड मार दी। इससे उनकी कार नाले की पुल की दीवार तोड़कर नीचे जा गिरी। डंपर चालक फरार हो गया। शनिवार सुबह ग्रामीण खेतों के लिए निकले तो उन्हें नाले में कार पड़ी मिली। इसके बाद उन्होंने स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने कार को नाले से बाहर निकलवाया तो उसमें संजय का शव मिला। पुलिस ने उनकी आईडी से पहचान कर सैन्य अधिकारियों को जानकारी दी। अधिकारियों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। संजय की मौत की सूचना मिलते ही परिजन मध्य प्रदेश पहुंचे और रविवार रात एक बजे शव लेकर जागृति विहार आए।
यह भी पढ़ें: खतौली विधानसभा उपचुनाव: चढ़ने लगी सियासी आस्तीन, दूसरी पारी में सात महीने विधायक रहे विक्रम सैनी