दुल्हन के परिजनों के मोबाइल नंबर बंद होने पर मुरादाबाद नहीं गई बरात
शादी कराने के नाम पर सगे भाइयों के साथ 70 हजार रुपये की ठगी
संवाद न्यूज़ एजेंसी
कंकरखेड़ा। थाना क्षेत्र में हाईवे स्थित एक गांव निवासी शुक्रवार को दो सगे भाइयों की घुड़चढ़ी धूमधाम से हुई। बराती और परिवार के लोगों ने जमकर डांस किया। बिचौलिया से बरात में चलने के नाम पर दस हजार रुपये की मांग की। इन्कार करने पर वर पक्ष ने वधु पक्ष को कॉल किया तो उनके फोन स्विच ऑफ थे। इसके बाद थाने में शादी के नाम पर 70 हजार रुपये ठगी का आरोप लगा तहरीर दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हाईवे स्थित एक गांव निवासी दो भाइयों ने शुक्रवार को थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि उनका रिश्ता जानी निवासी एक युवक ने मुरादाबाद की रहने वाली दो बहनों से कराया था। रिश्ता कराने के नाम पर युवक ने 70 हजार रुपये लिए थे। रिश्ता पक्का होने से लेकर गोद भराई की रस्म अदा की गई थी। इसमें भी दोनों भाइयों के परिजन का काफी खर्च हुआ था। शादी की तारीख 15 नवंबर दिन शुक्रवार तय हुई थी। परिजनों ने शादी की तैयारी और खरीदारी की। मेहमानों व ग्रामीणों को बरात में चलने का निमंत्रण दिया गया। शुक्रवार सुबह दोनों भाइयों की घुड़चढ़ी हुई।
लेकिन बिचौलिया और वधु पक्ष के लापता होने के कारण उनकी बरात नहीं जा सकी। इससे परिवार की दो भाइयों की शादी की खुशियां गम में बदल गईं। पीड़ितों ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है की मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।