मेरठ। सीसीएसयू कैंपस-कॉलेजों में स्नातक के 40 कोर्सों की जारी होने वाली नई मेरिट में यूपी बोर्ड के छात्रों पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा। सीबीएसई में सात सौ छात्र-छात्राओं की मेरिट बदलेगी। विश्वविद्यालय प्रशासन का दावा है कि रविवार को मेरिट जारी कर दी जाएगी। सोमवार से छात्र-छात्राएं प्रवेश ले सकते हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन का दावा है कि मेरिट लिस्ट में जो खामियां थीं, उन सभी को दूर कर लिया है। एक बार सारा डाटा दोबारा चेक किया जा रहा है। जिससे भविष्य में कोई समस्या न आए। वहीं, पहली मेरिट के प्रवेश के लिए छात्र-छात्राओं को पांच दिन का समय मिलेगा। इसके बाद दूसरी लिस्ट भी विवि द्वारा ही निकाली जाएगी। कॉलेजों ने ओपन मेरिट से प्रवेश में ज्यादा समय लगने की बात कही थी। इसके बाद विश्वविद्यालय ने निर्णय किया कि दूूसरी मेरिट भी विश्वविद्यालय ही निकालेगा। अंतिम ओपन मेरिट पर विश्वविद्यालय ने अभी फैसला नहीं लिया है। इसे विवि ही जारी करेगा या कॉलेजों द्वारा ओपन मेरिट के प्रवेश किए जाएंगे। वहीं, कॉलेजों की तरफ से सोमवार को प्रवेश की पुरानी व्यवस्था रहेगी। मेरठ कॉलेज, एनएएस और डीएन कॉलेज में प्रवेश ऑनलाइन होंगे। ऑफलाइन किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त दूसरे जिले के कॉलेजों के बारे में उनकी वेबसाइट पर जानकारी ली जा सकती है। बता दें कि स्नातक प्रथम वर्ष में 40 विषयों में प्रवेश के लिए एक लाख 30 हजार छात्र-छात्राओं ने रजिस्ट्रेशन कर रखे हैं। नौ हजार एडमिशन पहले दिन हो चुके हैं।
लंबित मामलों पर स्पष्टीकरण मांगा
मेरठ। सीसीएसयू में आरटीआई के 173 लंबित मामलों पर अधिकारियों ने स्पष्टीकरण मांग लिया है। ये मामले मार्कशीट, डिग्री और कॉपी आदि देखने के हैं। रजिस्ट्रार धीरेंद्र कुमार वर्मा ने सोमवार तक इनका निपटारा करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही यह भी स्पष्ट कर दिया कि भविष्य में आरटीआई के मामले लंबित मिले तो कार्रवाई की जाएगी।