मेरठ। 24वीं जूनियर नेशनल वूशु चैंपियनशिप का आयोजन एक से 6 जुलाई तक हैदराबाद में किया जाएगा। प्रतियोगिता में मेरठ से भी पांच खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के लिए लखनऊ में आयोजित कैंप में शामिल किया गया है। इसके बाद यहां से खिलाड़ी हैदराबाद के लिए रवाना होंगे।
मेरठ से चयनित पांच वुशू खिलाड़ियों में तीन खिलाड़ी कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रशिक्षण करते हैं। इसमें अंडर 17 वर्ग में निशांत, कनिका और शौर्य प्रतिभाग करेंगे। इसके अलावा दो खिलाड़ी वॉरियर फाइट क्लब से यूपी की टीम में शामिल होंगे। कुल पांच खिलाड़ी मेरठ से यूपी की टीम का हिस्सा होंगे। इस प्रतियोगिता के लिए उत्तर प्रदेश की टीम का कोच कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम की वुशू कोच नेहा कश्यप को नियुक्त किया गया है। नेहा ने बताया कि फिलहाल टीम लखनऊ में प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुई है। यहां कैंप में खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए तैयार किया जा रहा है। मेरठ के सभी खिलाड़ी इससे पहले भी कई प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि यूपी की टीम से उन्हें अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।