संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। मेरठ की पैरा एथलीट दीपिका रानी ने अपने शानदार प्रदर्शन के चलते वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स रैंकिंग में नंबर एक स्थान प्राप्त किया है। इसके साथ ही शाटपुट में वह नंबर तीन पर हैं। दीपिका ने अभी हाल ही में दिल्ली में हुए वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स ग्रैंड प्रिक्स में शानदार प्रदर्शन कर पदक जीता और अब भुवनेश्वर में हुए पैरा नेशनल गेम्स में भी शाटपुट और भाला फेंक में दो पदक जीते। उनके प्रदर्शन ने उनकी रैंकिंग ने भी छलांग लगाई है। दीपिका रानी की सफलता के पीछे एक साधारण किसान परिवार का असाधारण संघर्ष छिपा है। छोटे से गांव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का उनका सफर उनके परिवार के सहयोग के बिना मुमकिन नहीं था।
दीपिका के पिता अनिल कुमार किसान हैं और माता सुमन गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी बेटी के सपनों के बीच कभी गरीबी को नहीं आने दिया। दीपिका के भाई शमशेर और मोनू दिनभर खेत के कामों में हाथ बंटाते हैं। अपनी मेहनत और खेती के व्यस्त समय से वक्त निकालकर दोनों भाई रोजाना दीपिका की प्रैक्टिस में उनका पूरा सहयोग करते रहे। दीपिका का एकमात्र सपना भविष्य में पैरालंपिक में भारत के लिए पदक जीतकर अपने माता-पिता और देश का नाम पूरी दुनिया में रोशन करना है।