जालंधर में हुई राष्ट्रीय सब जूनियर बॉक्सिंग प्रतियोगिता में जीता स्वर्ण पदक
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। पंजाब के जालंधर स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में 22 से 29 जून तक आयोजित 5वीं अंडर-15 सब जूनियर राष्ट्रीय बालक-बालिका बॉक्सिंग चैंपियनशिप में मेरठ के मुक्केबाज अनिक बाबरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उत्तर प्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अनिक ने पूरे टूर्नामेंट में एकतरफा जीत दर्ज की और प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ बॉक्सर का पुरस्कार भी अपने नाम किया।
अनिक ने पहले मुकाबले में दिल्ली के यश को पहले राउंड में हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। दूसरे मुकाबले में हरियाणा के आर्यन को 5-0 से शिकस्त दी। क्वार्टर फाइनल में हिमाचल प्रदेश के मनल को पहले राउंड में पराजित कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में पंजाब के जगदीश सिंह को 5-0 से हराकर फाइनल में पहुंचे। स्वर्ण पदक के मुकाबले में उन्होंने मणिपुर के नीलमणि को 5-0 के एकतरफा अंतर से हराकर राष्ट्रीय खिताब अपने नाम कर लिया।
अनिक बाबरा डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम, सहारनपुर में बॉक्सिंग कोच प्रवीण कुमार के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं। पिछले वर्ष नोएडा में आयोजित चौथी सब जूनियर राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भी उन्होंने रजत पदक जीता था। मेरठ पहुंचने पर कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में अनिक का जोरदार स्वागत किया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी जितेंद्र यादव, भारतीय मुक्केबाजी संघ के महासचिव प्रमोद कुमार, जिला बॉक्सिंग संघ मुजफ्फरनगर के सचिव सतीश सहरावत, जिला बॉक्सिंग संघ मेरठ के अध्यक्ष डॉ. भीष्म सिंह, सचिव विशेष तोमर सहित सुरेंद्र प्रताप सिंह, सुरेंद्र अहलावत, राजीव राणा, सौरभ बालियान, रोबिन कुमार, अभिषेक दुबे, अंकित कुमार, जोनी, मोनू बाबरा, धर्मपाल प्रजापति ने उन्हें बधाई दी।