- अंडर 19 और 17 में प्रथम स्थान पाया, अंडर 14 में मिला दूसरा स्थान
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। गोरखपुर में 31 जुलाई से दो अगस्त तक सीआईएससीई रीजनल महिला बास्केटबाल प्रतियोगिता किया गया। इसमें सोफिया स्कूल की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया और मेरठ जोन की टीम को विजेता बनाया। मेरठ जोन की टीम अंडर 19 और अंडर 17 में विजेता रही। अंडर 14 में टीम को दूसरा स्थान मिला।
प्रतियोगिता में मेरठ जोन की अंडर-19 टीम ने लीग मैच में जीत दर्ज करने के बाद सेमीफाइनल में लखनऊ टीम को एकतरफा 35-17 के अंतर से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में उन्होंने मेजबान गोरखपुर को कड़े मुकाबले में 40-26 से हराकर स्वर्ण पदक प्राप्त किया। अंडर-17 टीम ने अपने पूल की सभी टीमों को एकतरफा हराया और सेमीफाइनल में कानपुर साउथ का सामना किया और उन्हें भी एकतरफा 50-23 के स्कोर से हराया। फाइनल में उनका मुकाबला आगरा से हुआ। इसमें हाफ टाइम तक मेरठ और आगरा का स्कोर 24-24 से बराबर था। तीसरे क्वार्टर में मेरठ की टीम ने अपनी रक्षा को मजबूत किया और आगरा की टीम को 47-32 से हराया और फाइनल जीता।
अंडर-14 वर्ग में मेरठ टीम ने कांस्य पदक के मैच में गाजियाबाद को 18-17 से हराया। मेरठ की टीम के मेरठ पहुंचने पर बृहस्पतिवार को खिलाड़ियों और कोच अदन मिर्जा, जूली, कानिका को सोफिया गर्ल्स स्कूल में सम्मानित किया गया। इस मौके पर स्कूल की प्रधानाचार्या सिस्टर मीना, सीनियर सिस्टर इसाबेल, वाइस प्रिंसिपल सिस्टर रीना, केजी इंचार्ज सिस्टर ऊषा, मिर्जा बैग आदि मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि मेरठ की टीम लगातार चौथे साल विजेता रही। इस अवसर पर जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन मेरठ के अध्यक्ष सौरभ जैन, अंकुर पंवार आदि ने उन्हें बधाई दी।