- चौधरी चरण सिंह विवि के खेल मैदान में शुरू हुई शारीरिक दक्षता परीक्षा, 18 तक चलेगी
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय की ओर से विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए चल रहे पंजीकरण 11 अगस्त को समाप्त हो गए। अब विवि प्रशासन की ओर से बृहस्पतिवार से सभी कोर्स में प्रवेश के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन किया गया। यह परीक्षा चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के खेल मैदान में हुई। इसमें 100 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। यह परीक्षा 18 अगस्त तक की जाएगी। इस दौरान युवाओं ने शानदार प्रदर्शन किया।
खेल विवि में 2026-27 सत्र में प्रवेश के लिए विभिन्न पाठ्यक्रमों में कुल 421 आवेदन आए। इसमें सबसे अधिक आवेदन बीपीईएस (बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स) में 300 आवेदन आए। इसके अलावा बीएससी (योग), एमएससी (योग) व डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पंजीकरण किए गए। इन सभी कोर्स में प्रवेश के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे से शुरू हुए जो दोपहर बाद तक जारी रहे। प्रवेश प्रक्रिया की रूपरेखा ऐसे प्रतिभाशाली और युवा खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें तराशने के उद्देश्य से तैयार की गई है, जो खेल, शारीरिक शिक्षा एवं योग के क्षेत्र में अपना पेशेवर कॅरिअर बनाना चाहते हैं। इस दौरान खेल विवि के रजिस्ट्रार सुनील कुमार झा, कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम के एथलेटिक्स कोच गौरव त्यागी समेत आदि मौजूद रहे।
परीक्षा के अंक किए गए निर्धारित
बीपीईएस, बीएससी योग, एमएससी योग और पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के लिए आयोजित शारीरिक दक्षता परीक्षा को 40 अंकों का वेटेज दिया गया, जो अंतिम मेरिट सूची में जोड़ा जाएगा। अभ्यर्थियों को सभी परीक्षणों में भाग लेना अनिवार्य होगा और हर इवेंट में कम से कम श्रेणी-तीन का प्रदर्शन करना होगा। इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पुरुष अभ्यर्थियों को 50 मीटर दौड़ 11:3 सेकंड में पूरा करना होगी। वहीं महिला अभ्यर्थियों के लिए 50 मीटर दौड़ पूरी करने को 12:3 सेकंड का समय मिलेगा। इसी तरह विश्वविद्यालय ने अन्य शारीरिक दक्षता मानक निर्धारित किए हैं। विश्वविद्यालय के अनुसार बेहतर प्रदर्शन करने वाले अभ्यर्थियों को श्रेणी-दो और श्रेणी-एक में क्रमशः अधिक अंक प्राप्त होंगे, जिससे उनकी मेरिट में सुधार होगा। पुरुष अभ्यर्थियों को दौड़ के अलावा ओवरहेड बैक थ्रो में तीन किलो की गेंद को कम से कम चार मीटर फेंकना, स्टैंडिंग ब्रॉड जंप एक मीटर और 800 मीटर दौड़ या वाक चार मिनट के भीतर पूरी करनी होगी। महिला अभ्यर्थियों को भी दौड़ के साथ ओवरहेड बैक थ्रो में दो किलो की गेंद दो मीटर तक फेंकना होगा। स्टैंडिंग ब्रॉड जंप 0.6 मीटर और 800 मीटर दौड़ या वाक पांच मिनट 30 सेकंड में पूरी करनी होगी।