मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र के लोईया गांव में हुए गोलीकांड ने अब गंभीर रूप ले लिया है। फायरिंग में घायल वसी अहमद की रविवार को मेरठ के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि गांव में तनाव की स्थिति और गहरा गई है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
क्रिकेट खेलने के विवाद से शुरू हुआ था झगड़ा
पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के बीच काफी समय से क्रिकेट खेलने को लेकर विवाद चला आ रहा था। इसी विवाद ने शनिवार को हिंसक रूप ले लिया और फायरिंग की घटना हो गई।
सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि वसी के भाई शमी की तहरीर पर आमिर, शामिक, शजर, मईन और अदनान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी आमिर पुलिस मुठभेड़ में पकड़ा जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। ईद पर घर आया था वसी, चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
परिजनों के मुताबिक वसी अहमद मेरठ में कपड़े बेचने का काम करता था और खेती भी करता था। कुछ समय पहले वह असम में रहकर कपड़े का कारोबार करने लगा था। ईद के मौके पर वह अपने गांव आया था और जल्द ही फिर असम लौटने की तैयारी कर रहा था। लेकिन गांव में चल रहे विवाद ने उसकी जान ले ली।
वसी तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके परिवार में दो बेटे अरहम (10) और अहमद (14) तथा दो बेटियां इला (20) और फबीहा (17) हैं। बताया गया कि वसी के पिता स्व. शमीम गांव के प्रधान भी रह चुके हैं।