मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र में छह साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने बच्ची की हत्या की कोशिश भी की। इस दौरान एक व्यक्ति के शोर मचाने पर आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गया। बच्ची के गले पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने बच्ची को मेडिकल परीक्षण के बाद अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।
यह घटना मंगलवार दोपहर की है। दिल्ली रोड स्थित एक कॉलोनी में एक परिवार किराए पर रह रहा है। आरोप है कि एक कैंटीन मालिक का बेटा इस परिवार की छह साल की बच्ची को बहला फुसलाकर बंद पड़ी फैक्ट्री में ले गया। युवक ने बच्ची से दुष्कर्म किया। उसके बाद बच्ची का गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। इस बीच पास ही एक फार्म हाउस की छत पर खड़े व्यक्ति ने देखा तो वह शोर मचाता हुआ सड़क पर आ गया। भीड़ जमा होने और पकड़े जाने के डर से आरोपी युवक धमकी देता हुआ फरार हो गया। इस मामले में पीड़ित पक्ष ने पुलिस को सूचना दी थी। लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।