सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के सुभाष नगर गली नंबर तीन निवासी मुकेश (45) का शव बुधवार सुबह घर के अंदर कमरे में बेड पर पड़ा मिला। दिल्ली से मेरठ पहुंची मृतक की बहन सीमा ने अपने दूसरे भाई मनोज और उसके परिवार पर छोटे भाई मुकेश की हत्या करने का आरोप लगाते हुए घर के बाहर जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की और कमरे की वीडियोग्राफी कराई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, प्रह्लाद सिंह के दो बेटे मुकेश व मनोज और एक बेटी सीमा हैं। मुकेश मोहनपुरी में एक कारोबारी के घर पर गार्ड की नौकरी करते थे। पुलिस के अनुसार, वह पांच दिन पहले ही भाई के घर आए थे और मंगलवार रात उन्होंने शराब पीकर हंगामा किया था। इसके बाद वह सोने चले गए थे।।
बुधवार सुबह काफी देर तक मुकेश नहीं उठे तो भाई ने उन्हें आवाज लगाई। कोई जवाब नहीं मिलने पर मनोज ने पास जाकर देखा तो मुकेश बेड पर मृत पड़े थे। इस पर मनोज ने शोर मचा दिया। भाई की मौत की सूचना पर सीमा भी घर पहुंची और हंगामा कर दिया। उसने अपने दूसरे भाई मनोज व उनके परिवार पर मुकेश की हत्या करने का आरोप लगाया।
शरीर पर चोट के निशान थे, लगवाए थे टांके
मनोज ने पुलिस को बताया कि मुकेश पैरालाइज्ड है। कारोबारी के यहां शादी समारोह में मुकेश ने शराब पीकर हंगामा किया था, जिसके बाद उसे वहां से भेजा गया था। घर आने के समय मुकेश के सिर में काफी चोट लगी थी और उसे टांके भी लगवाने पड़े थे। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट होगा। मामले को लेकर अभी कोई तहरीर नहीं आई है।