कई दिनों से चल रहा था विवाद
पीड़िता के पति मनोज, जो दिल्ली में ऑटो चलाते हैं, ने बताया कि उनकी पत्नी पूनम रोड किनारे चाय का ठेला लगाती है, जबकि पास ही दूसरी महिला अंडों का ठेला लगाती है। दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका है। गुरुवार की शाम फिर विवाद हुआ, जिस पर डायल 112 और बाद में गंगानगर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया।
सिपाही पर धमकाने का आरोप
पूनम का कहना है कि मौके पर पहुंचे सिपाही ने केवल उसी का ठेला हटवाने को कहा। जब उसने सभी के ठेले हटवाने की बात कही, तो सिपाही ने उसे डराया-धमकाया। इसी मानसिक तनाव के कारण उसने शुक्रवार को नशीला पदार्थ निगल लिया। पति मनोज ने सिपाही के व्यवहार का वीडियो भी बनाकर पुलिस को दिया है।
अस्पताल में भर्ती, दिनभर कोई नहीं पहुंचा
नशीला पदार्थ खाने के बाद पूनम की तबीयत खराब हो गई, लेकिन पूरे दिन उसकी हालत जानने कोई अधिकारी नहीं पहुंचा। शाम को मामला वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा तो थाना पुलिस मेडिकल अस्पताल पहुंची।
पुलिस जांच में जुटी
थाना पुलिस का कहना है कि दूसरे पक्ष ने गुरुवार को ही तहरीर दी थी। सीओ सदर देहात शिव प्रताप सिंह ने बताया कि दो पक्षों में विवाद है और महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।