मेरठ के सरधना क्षेत्र में पांच एकड़ भूमि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भव्य मंदिर बनाए जाने का दावा किया गया है, जिसमें 100 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी। आगामी 23 अक्तूबर को मोदी मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन किया जाएगा।
सोमवार को गढ़ रोड स्थित होटल ब्राडवे इन में आयोजित पत्रकार वार्ता में यह जानकारी जेपी सिंह ने दी। जेपी सिंह सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, उत्तर प्रदेश में सहायक अभियंता (सिविल) के पद से रिटायर्ड हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशहित में किए गए कार्यों और देश के लिए अपना जीवन समर्पित कर देने की भावना के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए यह मंदिर निर्माण कराया जाएगा। यह संभवत: देश का पहला मोदी मंदिर होगा। उन्होंने बताया कि मंदिर का शिलान्यास करने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के आने की संभावना है। इस संबंध में उनसे संपर्क किया जा रहा है। इनके अलावा भाजपा के शीर्ष नेता भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे। मोदी मंदिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लिए गए ऐतिहासिक फैसलों और उनके कार्यों को विभिन्न माध्यमों से प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि देशवासी ही नहीं बल्कि भारत में आने वाले अन्य देशों के लोग भी मोदी के महान कार्यों से रूबरू हो सकें।