हापुड़ रोड गैस गोदाम निवासी अदीब पुत्र सरताज ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर कादिर के जन्मदिन को लेकर टिप्पणी कर दी थी। इस बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे कार सवार चार युवक गैस गोदाम पहुंचे और युवक को उठाकर ले गए। परिजनों ने सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। सूचना मिलने पर करीब तीन घंटे बाद पुलिस ने बिजली बंबा बाईपास नरहेडा के पास से अदीब को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस ने दो आरोपियों को दबोच लिया, जबकि दो फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के पास से कार बरामद की है। पकड़े आरोपी लखीमपुरी खीरी थाना सदर बाजार हाल पता गंगानगर निवासी मोहम्मद माज सिद्दीकी, अमरोहा हाल पता गंगानगर निवासी नायाब हैं। उधर, एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ अपहरण की धारा में केस दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।