पीएसी के चार जवानों के संक्रमित पाए जाने के बाद छठी वाहिनी पीएसी की एच कंपनी ड्यूटी शहर से हटा ली गई है। कंपनी से संबद्ध 74 जवान नवीन मंडी, लिसाड़ी गेट क्षेत्र समेत हॉटस्पॉट इलाकों में ड्यूटी कर रहे थे। सभी जवानों को छठी वाहिनी में ही क्वारंटीन कर दिया गया है। संक्रमण का मामला सामने आने के बाद ट्रेनिंग ले रहे रंगरूटों समेत वाहिनी के सभी 550 जवानों की थर्मल स्कैनिंग भी शुरू कर दी गई है।
रुड़की रोड पर छठी वाहिनी पीएसी में स्थित ट्रेनिंग सेंटर पर 350 रंगरूटों की ट्रेनिंग चल रही है। कोरोना वायरस को लेकर भर्ती बोर्ड मुख्यालय के अलावा शासन से भी सख्त निर्देश हैं कि ट्रेनिंग करने वाले रंगरूटों की ड्यूटी शहर या अन्य इलाकों में न लगाई जाए। पासिंग आउट परेड के बाद ही ड्यूटी ली जा सकती है। बावजूद शहर के ट्रेनिंग सेंटरों में ट्रेनिंग करने वाले पुलिस व पीएसी के रंगरूटों की मदद ड्यूटी में ली गई। बुधवार को जब छठी वाहिनी पीएसी में ट्रेनिंग करने वाले तीन रंगरूटों में संक्रमण की पुष्टि के बाद खलबली मच गई। कहा जा रहा है कि तीनों रंगरूटों ने नवीन मंडी में ड्यूटी करने वाले संक्रमित जवान के साथ आवास शेयर किया था। सवाल यह है कि जब बाहरी व्यक्ति को ट्रेनिंग सेंटर में आने की इजाजत नहीं है तो फिर तीनों ने आवास क्यों शेयर किया?
इससे पहले मेरठ में मंगलवार को कोरोना के दो नए मरीज मिले थे। इनमें एक मरीज सराय जीना का था। इस परिवार के अब तक चार लोग संक्रमित हो चुके हैं, जबकि एक कसेरूखेड़ा का था। यह नई जगह है, गंगानगर में मीनाक्षीपुरम के नजदीक है। वहीं कौशांबी गाजियाबाद की एक कोरोना संक्रमित महिला ने मेडिकल कॉलेज में बेटे को जन्म दिया था। बताया गया कि नवजात का भी टेस्ट होगा।
वहीं गाजियाबाद के एक कोरोना पॉजिटिव मरीज की मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई थी। प्राचार्य ने इसकी पुष्टि की थी। नन्हे (50 वर्ष) आठ मई से भर्ती थे। बताया गया कि वे फेफड़ों के मरीज थे।
मेरठ में कोरोना संक्रमण के लगातार मिल रहे मरीजों के बाद पुलिस प्रशासन की नींद उड़ी हुई है। डीएम अनिल ढींगरा के निर्देश पर प्रशासन ने मंगलवार को तेजगढ़ी समेत पांच नए हॉटस्पॉट बनाए हैं। यहां सभी हॉटस्पॉटों पर दो-दो मजिस्ट्रेट तैनात कर दिए गए हैं। प्रशासन और पुलिस ने सभी हॉटस्पॉट को सील कर दिया है। अग्रिम आदेश के बिना किसी भी प्रकार का कोई भी आवागमन नहीं हो सकेगा।
हस्तिनापुर क्षेत्र के जलालपुर गांव को पहला हॉटस्पॉट बनाया गया है। गांव बहसूमा को दूसरा हॉटस्पॉट बनाया गया है। दौराला क्षेत्र के पनवाड़ी को तीसरा हॉटस्पॉट बनाया गया है। ब्रह्मपुरी क्षेत्र के भगवतपुरा को चौथा हॉटस्पॉट बनाया गया है। मेडिकल क्षेत्र के तेजगढ़ी को पांचवां हॉटस्पॉट बनाया गया है।
वहीं लक्खीपुरा व श्यामनगर को पूर्व में बने हॉटस्पॉट हुमायूं नगर से जोड़ा गया है। कोतवाली क्षेत्र के सराय जीना व दरियागंज इलाके को पूर्व में बने हॉटस्पॉट शराय बहलीम से जोड़ा गया है। प्रहलादनगर के बचे हुए क्षेत्र को पूर्व में बने हॉटस्पॉट प्रहलाद नगर से जोड़ा गया है। ईश्वर पुरी को शिव शक्ति पुरम सैनी वाला मोहल्ला हॉटस्पॉट से जोड़ा गया है। जागृति विहार के कुछ क्षेत्र को पूर्व में बने हॉटस्पॉट जागृति विहार सेक्टर-7 से जोड़ा गया है। जिलाधिकारी ने आवश्यक वस्तुओं व सामान को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं। जिले में अब हॉटस्पॉट की संख्या 44 हो गई है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/