गंगानगर की एक कालोनी निवासी ज्योतिष का परिवार दो दिन पूर्व रोमियो लेन रेस्टोरेंट में डिनर करने गया था। वहां उन्होंने शाकाहारी भोजन मंगाया, लेकिन उसकी जगह उन्हें रोस्टेड चिकन परोस दिया गया। इसे लेकर परिवार के लोगों ने नाराजगी जताते हुए हंगामा किया। आरोप लगाया कि मैनेजर और भोजन परोसने वाला दूसरे समुदाय से है, जिसके चलते जानबूझकर मांस परोसा गया है। इस मामले में शनिवार को वीडियो वायरल हुआ था। पुलिस वीडियो के आधार पर जांच कर रही है।
रविवार को हिंदू संगठन कार्यकर्ता सचिन सिरोही के साथ रोमियो लेन रेस्टोरेंट पहुंच गए और वहां हंगामा किया। उन्होंने मुस्लिम स्टाफ को हटाने की मांग की। वहीं शाकाहारी और मांसाहारी भोजन को पकाने के लिए अलग रसोई बनाने की मांग की। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्यकर्ताओं को समझाया। उसके बाद कार्यकर्ता पीड़ित परिवार से मिले।
वहीं, रेस्टोरेंट में कार्यकर्ताओं को बताया गया कि मैनेजर व परोसने वाले स्टाफ को रेस्टोरेंट से हटा दिया गया है। हिंदू संगठन कार्यकर्ताओं ने इस मामले में उच्च अधिकारियों से मिलकर कार्रवाई करने की मांग की है।