मेरठ के बहसूमा थाना क्षेत्र में एक ही रात में दो दुकानों में चोरी की वारदात से हड़कंप मच गया। चोर लाखों रुपये का सामान और नगदी ले उड़े। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी है।
मेरठ में बहसूमा थाना क्षेत्र के मेन बाजार में सोमवार रात चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी को अंजाम दिया। घटना की जानकारी सुबह दुकानदारों के दुकान खोलने पर सामने आई, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
विज्ञापन
चोरों ने पहले दुकानों के शटर को उखाड़ा और अंदर घुसकर सामान व नकदी की तलाश की। दुकानदारों के मुताबिक, नगदी के साथ महंगा माल भी चोरी हुआ है, जिसकी कुल कीमत लाखों में बताई जा रही है।
घटना स्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों में कुछ संदिग्धों की हलचल रिकॉर्ड होने की जानकारी मिली है। पुलिस इन फुटेज को खंगालकर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
स्थानीय लोगों ने रात में पुलिस गश्त को लेकर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन गश्त प्रभावी नहीं है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना पुलिस का कहना है कि फुटेज और स्थानीय जानकारी के आधार पर चोरों का जल्द सुराग मिल जाएगा।