मेरठ। आगामी शीतकालीन ऋतु में उत्तर प्रदेश के राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में वायु प्रदूषण के प्रभावी रोकथाम के दृष्टिगत कमिश्नर सभागार में वन, पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को बैठक आयोजित की गई। इसमें विभिन्न उत्तरदायी संस्थाओं और विभागीय अधिकारियों ने भी भाग लिया।
मुख्य पर्यावरण अधिकारी, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट इन एनसीआर एंड एडज्वाईनिंग ऐरिया (सीएक्यूएम) के निर्देशों का प्रस्तुतीकरण किया गया। राज्यमंत्री ने मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर और शामली जनपदों में वायु प्रदूषण नियंत्रण की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में लागू ग्रैप के प्रावधानों के अनुपालन पर जोर दिया। बैठक में प्रमुख सचिव, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष, कमिश्नर मेरठ, डीएम, उपाध्यक्ष मेडा, नगर आयुक्त, डीएफओ, एसपी ट्रैफिक, उप कृषि निदेशक सहित अन्य संबंधित अधिकारी और चारों जनपदों के जिलाधिकारी व संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।