आसपा के महानगर प्रभारी चतर सिंह ने बताया कि गजरौला निवासी समय सिंह, शिवम और मन्नू मजदूरी करते हैं। शनिवार को तीनों मजदूर काम करने के लिए ईव्ज चौराहे के पास एक मकान पर गए थे। दोपहर तीन बजे मकान को लेकर दो भाइयों का विवाद हो गया था। इसके बाद एक भाई ने मकान का ताला लगा दिया।
शाम आठ बजे कमरे में बंद शिवम ने अपने एक परिचित को फोन कर मामले की जानकारी दी। आसपा के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। यहां उन्होंने घर के बाहर हंगामा किया। हंगामे की सूचना पर डायल-112 व थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मकान मालिक को बुलाया और मकान का ताला खुलवाकर पांच घंटे बाद मजदूरों को बाहर निकाला।
सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी का कहना है कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। फिलहाल मजदूरों ने कानूनी कार्रवाई से इन्कार कर दिया। तहरीर आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।