मेरठ के कंकरखेड़ा से स्कूल के लिए निकली कक्षा छह की छात्रा सांतवें दिन पुलिस को दिल्ली से मिल गई। छात्रा के परिजनों ने पुलिस से छात्रा को ढूंढने की गुहार लगाई थी। पुलिस ने पूछताछ की तो छात्रा ने सच्चाई बताई।
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र की गोविंदपुरी से लापता कक्षा छह की छात्रा दिल्ली से बरामद कर ली गई। छात्रा के दादा ने थाने पर अपहरण की तहरीर देकर केस दर्ज कराया गया था।
विज्ञापन
छात्रा(12) ने बताया कि उसके माता-पिता में काफी समय से विवाद चल रहा है। वह दादा के घर पर ही रह रही थी। वह काफी परेशान थी। इसलिए चली गई थी। दरअसल, छह दिन पूर्व स्कूल की छुट्टी के बाद यह छात्रा देर शाम तक घर नहीं पहुंची तो दादा ने थाने पर अपहरण की तहरीर दी थी।
पुलिस रेलवे स्टेशन और बस अड्डे के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही थी। बृहस्पतिवार सुबह चाइल्ड केयर की टीम को छात्रा दिल्ली के कश्मीरी गेट के पास मिली। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने यहां संपर्क किया। यहां से दरोगा पवन कुमार टीम के साथ दिल्ली पहुंचे और छात्रा को सकुशल लेकर मेरठ आए।
विज्ञापन
छात्रा ने पुलिस को बताया कि उसके माता-पिता का काफी समय से विवाद चल रहा है। थाना प्रभारी देवेश कुमार सिंह का कहना है की छात्रा को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।