मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र के दादरी गांव के पास रविवार सुबह दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक अज्ञात वाहन ने सड़क पार कर रहे खतौली निवासी महिला और पुरुष को कुचल दिया। इस घटना में एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की भी सूचना है, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
शवों के पास खड़ी रोती-बिलखती परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतक खतौली से नगली तीर्थ की ओर पैदल जा रहे दो परिवारों का हिस्सा थे। सुबह के समय जब वे सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज गति से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।
कोतवाली दौराला के सीओ प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि मृतकों की पहचान मुजफ्फरनगर जिले के खतौली स्थित शिवपुरी निवासी सरला (58) पत्नी राजेंद्र और हरिओम टंडन (55) के रूप में हुई। तीनों लोग पूर्णिमा के दिन परिक्रमा करने के लिए नगली तीर्थ जा रहे थे। पुलिस दोनों मृतकों के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है और घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। अज्ञात वाहन की तलाश के लिए भी पुलिस टीमें सक्रिय कर दी गई हैं।
सड़कों पर बढ़ती रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की घटनाओं पर स्थानीय लोगों ने चिंता व्यक्त की है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे ऐसी घटनाओं को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।