कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में गोविंदपुरी निवासी धीरज (24) के साथ शुक्रवार दोपहर कुछ युवकों ने मारपीट कर दी। हमलावर उससे तीन लाख रुपये, मोबाइल और बाइक भी लूटकर ले गए। परिजनों का आरोप है कि इस घटना से आहत उनके बेटे धीरज ने घर पर कमरे में पंखे से लटककर जान ने दी। पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अंबेडकर रोड स्थित गोविंदपुरी की डाकखाना गली निवासी बस चालक श्यामदेव ने थाने पर तहरीर देकर बताया कि उनका बेटा धीरज फाइनेंस कंपनी में काम करता था। शुक्रवार सुबह धीरज को उन्होंने तीन लाख रुपये देकर गहने छुड़ाने के लिए लोन देने वाली एक निजी कंपनी के ऑफिस भेजा था। आरोप है कि सरधना रोड पर राठी अस्पताल के पास पीछे से आए पांच हमलावरों ने उनके बेटे के साथ मारपीट की और मोबाइल, बाइक और तीन लाख रुपये लेकर भाग गए।
घटना के बाद बेटा घर आया और अपने कमरे में चला गया। शाम तक वह कमरे से बाहर नहीं निकला। शाम को भाई प्रिंस घर पहुंचा। प्रिंस ने मां विमला से भाई के बारे में जानकारी की तो मां ने बताया कि धीरज कमरे में है। कई आवाज देने के बाद भी धीरज ने कमरा नहीं खोला तो प्रिंस ने खिड़की से झांककर देखा। कमरे के अंदर युवक का शव पंखे पर लटका हुआ था। प्रिंस ने शोर मचा दिया।
शोर सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंच गए। सूचना पर पुलिस व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शनिवार को परिजनों ने अज्ञात में तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है की तहरीर मिल गई है। तहरीर के आधार पर पुलिस जांच कर रही है। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।