पश्चिम उत्तर प्रदेश में आतंकी इनपुट मिलने के चलते गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए है। शहर को सात सेक्टरों में बांटा गया है। संवेदनशील इलाकों में आरएएफ की तैनाती रहेगी। पुलिस अधिकारियों ने बम निरोधक दस्ते और डॉग स्कवॉयड के साथ होटलों, बस और रेलवे स्टेशनों पर चेकिंग अभियान चलाया।
गणतंत्र दिवस पर आतंकी इनपुट मिलने पर सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट हैं। दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने बृहस्पतिवार को जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकियों को गिरफ्तार किया, जोकि राजपथ पर घटना करने की फिराक में थे। इससे पहले एनआईए और एटीएस की टीम मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर व अमरोहा से कई संदिग्ध लोग गिरफ्तार कर चुकी है। आतंकी संगठनों का निशाना गणतंत्र दिवस पर वेस्ट यूपी होने के अंदेशे पर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हैं। इसको देखते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। डीआईजी अखिलेश कुमार के मुताबिक गणतंत्र दिवस पर शहर में कई प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां पर पुलिस बल तैनात रहेगा। एसपी सिटी व एएसपी कैंट बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉयड लेकर सघन चेकिंग अभियान चलाएंगे।