मेरठ। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से आयोजित मंडलीय बालक बालिका हॉकी प्रतियोगिता में मेरठ की टीम का दबदबा रहा। बालिका वर्ग में मेरठ की आरजी टीम और बालक वर्ग में मेरठ की एसडी सदर की टीम विजेता रही। अब यह टीम राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शिरकत करेगी।
पहला मैच बालिका वर्ग में आरजी इंटर कॉलेज मेरठ और बुलंदशहर की टीम के बीच खेला गया। इसमें मेरठ ने बुलंदशहर की टीम को 2-0 से पराजित कर मैच जीता। मेरठ की टीम ओर से आस्था और तुलसी ने एक-एक गोल किया और टीम को दो गोल से बढ़त दिलाई। बुलंदशहर की टीम की ओर से कोई भी खिलाड़ी गोल नहीं कर सकी। इस मैच में मेरठ की टीम ने एकतरफा मुकाबला जीता।
दूसरा मुकाबला बालक वर्ग में मेरठ की एसडी सदर और गाजियाबाद की टीम के बीच खेला गया। इसमें एसडी सदर की टीम 3-0 से विजेता रही। एसडी सदर ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर बढ़त बनाई। टीम की ओर से मैच के 16वें मिनट में सुधांशु ने, मैच के 22वें मिनट में अर्पित शर्मा ने और मैच के 32वें मिनट में अवनीश ने निर्णायक गोलकर अपनी टीम को जीत दिलाई। गाजियाबाद की टीम के खिलाड़ी एक भी गोल नहीं कर सके। इस तरह एसडी सदर टीम विजेता रही। मंडलीय क्रीड़ा प्रभारी सुषमा यादव ने दोनों विजेता टीम को बधाई दी और झांसी में आयोजित होने वाली राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में क्वालिफाई करने पर खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर हॉकी कोच जोगिंदर सिंह, प्रबंध समिति से अमित शर्मा, प्रधानाचार्य आभा शर्मा, रजत शर्मा और अंतरराष्ट्रीय हॉकी रेफरी शिवानी शर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। निर्णायक तन्नू सिंह व काजल रहीं। इस दौरान प्रदीप चिन्योटी, कौशल चौधरी, संजीव कुमार, तरुणिका ढाका आदि मौजूद रहे।
एसडी सदर के आठ खिलाड़ी 11 पर पड़े भारी
बालक वर्ग के मैच के दौरान एसडी सदर के खिलाड़ियों के पास पैन नंबर नहीं था। इसे लेकर गाजियाबाद की टीम ने विरोध किया और बिना नंबर वाले खिलाड़ियों के साथ खेलने से इन्कार कर दिया। इसके बाद एसडी सदर की टीम की ओर से 8 खिलाड़ी ही मैदान में उतरे। इन आठ खिलाड़ियों ने ही गाजियाबाद की टीम को हराकर अपनी टीम को जीत दिला दी।