मोदीपुरम। सीजन में पहली बार मेरठ में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इससे दोपहर में सड़कों पर तल्ख गर्मी का अहसास हुआ। गर्मी के तीखे तेवर से लोग घरों से बाहर निकलने में परहेज करने लगे। मौसम के जानकारों का कहना है कि यही हाल रहा तो इस बार भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए। बृहस्पतिवार को पहली बार दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इससे लोगों को भीषण गर्मी का एहसास होने लगा। सुबह ही चिलचिलाती धूप निकल गई। दोपहर के समय गर्म हवाओं ने भी खूब असर दिखाया। अगले कुछ दिनों तक मौसम का यही मिजाज रहेगा और तापमान में बढ़ोतरी भी संभव है। आसमान पूरी तरह साफ रहने के कारण धूप की तीव्रता लगातार बढ़ रही है। इससे दिन के समय बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है।
गर्मी के साथ प्रदूषण का स्तर भी बढ़ने लगा है। हवा की रफ्तार कम होने और शुष्क मौसम के चलते वातावरण में धूल और प्रदूषक कणों की मात्रा बढ़ रही है, इससे वायु गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। फिलहाल गर्मी से राहत के आसार नजर नहीं हैं। कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि अभी मौसम इसी तरह बना रहेगा। मौसम में बदलाव के संकेत नहीं है। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की मौसम वेधशाला पर दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मेरठ का एयर क्वालिटी इंडेक्स 208 दर्ज किया गया। जबकि, गंगानगर में 220, जयभीम नगर 267, पल्लवपुरम 136, बेगमपुल 250, दिल्ली सड़क 258 एयर क्वालिटी इंडेक्स दर्ज किया गया।