पीड़ित महिला को बचाती महिला पुलिसकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के मेरठ शहर में सोमवार को गैंगरेप पीड़िता ने एसएसपी ऑफिस पहुंचकर इंसाफ की गुहार लगाई। महिला का आरोप है कि पुलिस मामले की सुनवाई नहीं कर रही है। इस दौरान पीड़िता ने केरोसिन उड़ेलकर आत्मदाह करने का प्रयास किया। वहीं महिला पुलिसकर्मियों ने दौड़कर किसी तरह महिला को बचा लिया।
बता दें कि एसएसपी अखिलेश कुमार ने पीड़िता को कार्रवाई का पूरा आश्वासन दिया है। एसएसपी का कहना है कि थाना इंचार्ज को जांच के आदेश दे दिए गए हैं। मामले में जल्द ही कार्रवाई शुरू हो जाएगी।
भावनपुर थाना क्षेत्र की निवासी महिला का आरोप है कि करीब एक महीने पहले एक युवक प्लॉट दिखाने के बहाने उसको सुनसान जगह पर ले गया। वहां पर पहले से मौजूद लोगों ने उसको दबोच लिया। इसके बाद सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। इस घटना के बाद से वह रिपोर्ट दर्ज कराने को लेकर एसएसपी दफ्तर के चक्कर लगा रही है।