चौधरी चरण सिंह विवि की छात्रा से दुष्कर्म के आरोपी दरोगा ललित मोहन को एसएसपी अविनाश पांडेय ने निलंबित कर विभागीय जांच का आदेश दे दिया है। इस मामले में नामजद होने के बाद छुट्टी पर गए दरोगा की गिरफ्तारी के लिए भावनपुर पुलिस दबिश दे रही है। छात्रा के आरोपों से संबंधित साक्ष्य पुलिस जुटा रही है।
शामली जिले की रहने वाली छात्रा चौधरी चरण सिंह विवि से स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रही है। कुछ महीने पहले उसकी मुलाकात मेडिकल थाने की तेजगढ़ी चौकी पर तैनात दरोगा रायबरेली निवासी ललित मोहन से हुई थी। आरोप है कि दरोगा ने छात्रा से उसका मोबाइल नंबर लिया और किसी-न-किसी बहाने उससे बातचीत करने लगा। धीरे-धीरे दोनों में दोस्ती हो गई। छात्रा जब भी मेरठ आती थी, उसकी दरोगा से मुलाकात होती थी।
छात्रा का आरोप है कि करीब दो सप्ताह पहले वह विवि कैंपस आई थी। इसी दौरान दरोगा उससे मिलने पहुंचा। आरोप है कि बातचीत के बहाने वह छात्रा को अपने साथ ले गया। इसके बाद उसे भोपाल विहार स्थित अपने दरोगा मित्र के फ्लैट पर ले गया। जहां पर उसके साथ दुष्कर्म किया। छात्रा ने आरोप लगाया कि जब दरोगा ने शादी करने से इन्कार कर दिया तो एसएसपी अविनाश पांडेय से शिकायत की।
एसएसपी के निर्देश पर मामले की जांच कराई गई। इसके बाद भावनपुर थाने में आरोपी दरोगा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। भावनपुर थाने में छात्रा के 161 के बयान दर्ज हो गए हैं, अभी कोर्ट में बयान दर्ज नहीं हुए हैं। छात्रा को कोर्ट में बयान दर्ज करने के लिए बुलाया गया है।
एसएसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि दरोगा को निलंबित कर दिया गया है। विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। आरोपी दरोगा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
छात्रा ने लगाया समझौते का दबाव बनाने का आरोप
छात्रा का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी दरोगा के परिवार के लोग शामली स्थित उसके घर पहुंचे थे। वहां उन्होंने शादी का प्रस्ताव रखा लेकिन छात्रा ने इसे स्वीकार नहीं किया। छात्रा का आरोप है कि इसके बाद उस पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। छात्रा ने जो बयान दिए हैं, उससे संबंधित सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आरोपी दरोगा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी देखें...
UP: मेरठ के नए एसएसपी होंगे बीबीजीटीएस मूर्ति, अविनाश पाण्डेय का तबादला, डीजीपी कार्यालय भेजा गया