जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद की पैगंबर मुहम्मद पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर जगह-जगह विरोध प्रदर्शन जारी हैं। सोमवार को मुंडाली गांव में बड़ी संख्या में युवा एकत्र हुए और जुलूस निकाला। हसीन नाम के युवक की अगुवाई में निकाले जा रहे जुलूस में बड़ी संख्या में बच्चे भी शामिल रहे। जुलूस में शामिल युवा और बच्चे तलवार और लाठी-डंडे लहराते हुए धार्मिक और देशविरोधी नारेबाजी कर रहे थे। जिससे गांव में दूसरे समुदाय के लोगों में दहशत फैल गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जुलूस रोकते हुए अनुमति के बारे में पूछा। जुलूस में शामिल लोगों ने पुलिस से गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। इस दौरान पथराव भी किया गया। पुलिस ने लाठी फटकार कर जुलूस में शामिल लोगों को खदेड़ दिया। जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी फरार हो गए। एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार किया जाएगा।