ऊर्जा स्रोत मंत्री श्रीकांत शर्मा
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने विपक्ष के नेताओं राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर हर मौके पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पहले लॉकडाउन पर राजनीति की और अब वैक्सीन पर राजनीति कर रहे हैं। राहुल और अखिलेश ने तो वैज्ञानिकों पर ऊंगली उठाते हुए वैक्सीन पर देश को गुमराह किया। इस वजह से कई लोगों ने वैक्सीन नहीं लगवाई। दावा किया कि अगर विपक्ष ऐसा नहीं करता तो हम कोरोना की दूसरी लहर में उन लोगों को नहीं खोते तो हमारे बीच नहीं रहे। ये सच है कि जिन्होंने वैक्सीन लगवाई थी, उन्हे दूसरी लहर में कुछ नहीं हुआ।
मेरठ दौरे पर शर्मा ने नंगलाबट्टू स्थित स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान कहा कि कोविड को परास्त करने का एकमात्र उपाय वैक्सीन है। एक तरफ प्रधानमंत्री देश की जनता को बचाने के लिए प्रयासरत हैं, वहीं विपक्ष राजनीति करने से बाज नहीं आ रहा है। इन नेताओं को इस समय वैक्सीन के लिए अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कहीं पर वैक्सीन की गति धीमी है तो कही वैक्सीन अभियान तेजी से चल रहा है। सरकार की कोशिश है कि वैक्सीन सभी को जल्द से जल्द लगे। जहां वैक्सीन की कमी है तो सुबह नहीं शाम को पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि कोविड अभी गया नहीं है। हमारे आसपास ही है। इसलिए सावधानी बरतने की जरूरत है।
गांवों की समस्याएं पंचायत स्तर पर ही निपटें
मंत्री ने कहा कि गांव की समस्याओं का निस्तारण पंचायत घरों पर ही होना चाहिए। इसके लिए पंचायत सचिव रोस्टर बनाकर वहां बैठेंगे। इसके लिए एसडीएम, बीडीओ को जिम्मेदारी लेनी होगी कि राज्य और केंद्र की योजनाओं का लाभ सभी को वहीं पर मिले। इसके लिए जिलाधिकारी को निर्देश दिए हैं कि पंचायत स्तर के लोगों को भी शिक्षित कर योजनाओं का लाभ पहुंचाएं।