ओलंपिक के बाद अब मेरठ के एथलीटों ने वर्ल्ड चैंपियनशिप की तैयारी शुरू कर दी है। ओलंपिक में तो खिलाड़ी पदक प्राप्त नहीं कर सके, लेकिन वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उनसे काफी उम्मीदें हैं। इस प्रतियोगिता से पहले जनवरी में होने वाले नेशनल गेम्स में खिलाड़ियों को श्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। इसके बाद ही खिलाड़ी क्वालिफाइंग इवेंट में हिस्सा ले सकेंगे।
पिछले दिनों पेरिस में हुए ओलंपिक खेलों में मेरठ के बहादुरपुर से भाला फेंक में अन्नू रानी, इकलौता की पारुल चौधरी ने 5000 मीटर दौड़ और 3000 मीटर स्टीपल चेज, माधवपुरम निवासी प्रियंका गोस्वामी ने 20 किलोमीटर पैदल चाल और रिले रेस में प्रतिभाग किया था। पेरिस ओलंपिक में तीनों ही खिलाड़ी पदक नहीं जीत पाई थीं। अब यह तीनों खिलाड़ी वर्ल्ड चैंपियनशिप की तैयारी में जुटी हैं।
पारुल चौधरी बंगलूरू में कैंप में तैयारी कर रही थी। अभी हाल ही में त्योहारों के दौरान वह घर पहुंचीं। अन्नू रानी पटियाला में साई के कैंप में तैयारी में जुटी हैं। वह अपने वजन को कम करने पर भी काम कर रही हैं। जिससे अपनी थ्रो में सुधार कर सकें। प्रियंका भी पूरे जोर के साथ तैयारी कर रही हैं। वर्ल्ड चैंपियनशिप अगले साल के शुरू में होने की उम्मीद है। इससे पहले जनवरी में उत्तराखंड में 38वें नेशनल गेम्स होंगे। इन खेलों में भी ये खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। यहां अच्छा प्रदर्शन करने के बाद क्वालिफाइंग इवेंट में प्रतिभाग कर सकेंगे।
मेरठ से ऊंची कूद में ख्याति माथुर, मानसी तोमर और शॉटपुट में विधि भी तैयारी में जुटी हैं। वह भी अपना अच्छा प्रदर्शन कर वर्ल्ड चैंपियनशिप में जाना चाहेंगी। ख्याति और मानसी कई बार नेशनल खेलों में स्वर्ण पदक प्राप्त कर चुकी हैं। अब नेशनल में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर ही यह तय हो पाएगा कि वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए कौन आगे बढ़ता है।
पैरा खिलाड़ी भी तैयारी में जुटे
पैरा वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी मेरठ के खिलाड़ियों से काफी उम्मीदें होंगी। ये गेम्स भी अगले साल होने हैं। अभी हाल ही में हुए पैरा ओलंपिक खेलों में मेरठ की प्रीति पाल ने 100 और 200 मीटर दौड़ में कांस्य पदक प्राप्त किया था। अब वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी उनसे ढेरों उम्मीदें हैं। वह भी इन खेलों में प्रतिभाग कर सकती हैं। वह इसी माह दिल्ली में तैयारी शुरू करेंगी। डिस्कस थ्रो में फातिमा खातून पिछले एक वर्ष से वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए तैयारी कर रही हैं।
पदक जीतने वाले पुलिसकर्मी एसएसपी के साथ।
- फोटो : अमर उजाला
8वीं एशियन अंतरराष्ट्रीय आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप में मेरठ जोन के पुलिसकर्मियों का शानदार प्रदर्शन
महाराष्ट्र के मुंबई में 18 से 27 अक्तूबर तक हुई 8वीं एशियन अंतरराष्ट्रीय आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप में मेरठ जोन के पुलिसकर्मियों ने शानदार प्रदर्शन किया। तीन पुलिसकर्मियों ने चार कांस्य पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में 45 देशों के पहलवानों ने शिरकत की।
भारत की तरफ से उत्तर प्रदेश पुलिस आर्म रेसलिंग टीम में मेरठ में तैनात हेड कांस्टेबल संजीव तेवतिया, बुलंदशहर में तैनात महिला हेड कांस्टेबल दीपा, 43वीं वाहिनी पीएसी एटा में तैनात कांस्टेबल राहुल कुमार शामिल रहे। इन तीनों ने मेरठ पुलिस लाइन में प्रैक्टिस की। इसकी बदौलत संजीव तेवतिया ने 110 किग्रा भार वर्ग में किर्गिस्तान के खिलाड़ी को सेमीफाइनल में हराकर 2 कांस्य पदक जीते। दीपा ने थाईलैंड के खिलाड़ी को सेमीफाइनल में हराकर 90 किग्रा भारवर्ग में कांस्य पदक जीता। राहुल कुमार ने सेमीफाइनल में सिंगापुर के खिलाड़ी को हराकर 85 किग्रा भारवर्ग में कांस्य जीता। शुक्रवार को एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा ने तीनों पुलिसकर्मी खिलाड़ियों से मिलकर उनका उत्साहवर्धन कर शुभकामनाएं दीं।
एक-दूसरे को पंच लगातीं बॉक्सर।
- फोटो : अमर उजाला
बॉक्सिंग टीम में शामिल होने के लिए दिखाया दमखम
प्रदेश स्तरीय सीनियर महिला बॉक्सिंग प्रतियोगिता 14 से 17 नवंबर तक बुलंदशहर में होगी। इसमें शामिल होने के लिए शुक्रवार को जिला स्तर की टीम के लिए कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में ट्रायल हुए। काफी संख्या में महिला बॉक्सर ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
पैरासेलिंग और हॉर्स राइडिंग का अभ्यास शुरू
72 यूपी बटालियन एनसीसी मेरठ के कर्नल रविंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि एनसीसी मेरठ ग्रुप मुख्यालय के तहत पैरासेलिंग और हॉर्स राइडिंग के अभ्यास का कार्यक्रम कराया जा रहा है।
पैरासेलिंग में विभिन्न यूनिटों से 150 कैडेट्स भाग ले रहे हैं। वहीं, हॉर्स राइडिंग में लगभग 40 कैडेट्स प्रतिभाग कर रहे हैं। पैरासेलिंग मिल्ट्री फार्म हाउस मवाना रोड और हॉर्स राइडिंग का अभ्यास आरवीसी सेंटर पर कराया जा रहा है। सफल होने वाले कैडेट्स को आगामी एनसीसी कैंपों में प्रतिभाग करने का मौका मिलेगा। इस अभ्यास कार्यक्रम में सेना के प्रशिक्षित ट्रेनरों के नेतृत्व में एनसीसी कैडेट्स को प्रशिक्षित किया जाएगा। इससे कैडेट्स में देश के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनकर देश की सेवा में सहयोग देना है।
हॉकी प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को प्रमाणपत्र दिए
माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से गोरखपुर में स्टेट हॉकी प्रतियोगिता हुई। इसमें मेरठ मंडल की टीम में एसडी सदर के हॉकी खिलाड़ियों ने भी प्रतिभाग किया। इनमें अमन शर्मा, सक्षम शर्मा, अर्पित शर्मा, वंश शर्मा, सुधांशु ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। शुक्रवार को एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बच्चों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। हॉकी कोच जोगिंदर सिंह ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
भव्या तेवतिया ने रोलर स्केटिंग में स्वर्ण पदक जीता
जिओ स्केटिंग क्लब की ओर से शुक्रवार को नोएडा में दसवीं यूपी स्टेट रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता कराई गई। मेरठ की भव्या तेवतिया ने 600 मीटर रेस में स्वर्ण पदक प्राप्त किया। भव्या रियान इंटरनेशनल स्कूल की कक्षा दो की छात्रा हैं। उनके पिता राजकुमार तेवतिया यूपी पुलिस में सेवारत हैं। भव्या के पदक प्राप्त करने पर उनके पिता ने मिठाई बांटकर खुशी मनाई।
प्रदेश स्तरीय सब जूनियर बालिका कुश्ती के लिए ट्रायल 11 को
प्रदेश स्तरीय सब जूनियर बालिका कुश्ती प्रतियोगिता 22 से 24 नवंबर तक मुरादाबाद में होगी। इसके लिए मेरठ से जिला और मंडल स्तरीय दो टीमें प्रतिभाग करेंगी। जिला स्तर की टीम के लिए ट्रायल 11 नवंबर को दोपहर तीन बजे से कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में होंगे। मंडलीय टीम के लिए ट्रायल 14 नवंबर को सुबह 11 बजे से होंगे। ट्रायल प्रक्रिया के लिए खिलाड़ियों को अपना जन्म प्रमाण पत्र और आधार कार्ड लेकर आना अनिवार्य होगा।