मेरठ एशियन गेम्स में शॉटपुट में कांस्य पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने वाली मेरठ निवासी भारतीय एथलीट किरण बालियान पर राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) ने आठ साल का प्रतिबंध लगा दिया है। वर्ष 2024 में उनके डोपिंग नमूने में प्रतिबंधित पदार्थ मेटेंडिएनोन पाए जाने के साथ डोप नियंत्रण के नमूने से छेड़छाड़ के आरोप भी लगाए गए हैं। प्रतिबंध चार जुलाई 2024 से प्रभावी माना गया है और तीन जुलाई 2032 तक लागू रहेगा।
सितंबर 2024 में किया गया था अस्थायी निलंबन
सितंबर 2024 में नाडा ने प्रतिबंधित पदार्थ मिलने के बाद किरण बालियान को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया था। इसके बाद मामले की जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया चली। अब नाडा ने उन पर आठ साल का प्रतिबंध लगाया है। यह प्रतिबंध चार जुलाई 2024 से लागू माना गया है।
दिल्ली हाईकोर्ट में कार्रवाई को दी थी चुनौती
किरण बालियान ने वर्ष 2025 में दिल्ली हाईकोर्ट में नाडा की कार्रवाई को चुनौती दी थी। उन्होंने अदालत में कहा था कि नमूने के कंटेनर को छूना अनजाने में हुआ था और उन्होंने इसकी जानकारी तत्काल डोप नियंत्रण अधिकारी को दे दी थी। उनका यह भी कहना था कि उन्होंने बिना देरी किए नया नमूना दिया था।
हांगझोऊ एशियन गेम्स में जीता था कांस्य पदक
किरण बालियान ने वर्ष 2023 में चीन के हांगझोऊ में आयोजित एशियाई खेलों की शॉटपुट स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। वह एशियाई खेलों में शॉटपुट का पदक जीतने वाली दूसरी भारतीय महिला बनी थीं। इसके अलावा उन्होंने 2023 की राष्ट्रीय अंतरराज्यीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक और 2024 फेडरेशन कप में रजत पदक हासिल किया था।
आठ साल का प्रतिबंध लागू रहने की स्थिति में किरण तीन जुलाई 2032 तक प्रतियोगिताओं में हिस्सा नहीं ले सकेंगी। इस कार्रवाई से उनके एथलेटिक्स करिअर पर बड़ा असर पड़ने की आशंका है।