मेरठ शहर से देहात तक सोमवार को मौसम में अचानक बड़ा बदलाव देखने को मिला। सीजन में सबसे ज्यादा स्मॉग दिखाई दिया। दिनभर स्मॉग के कारण शहरवासियों को आंखों में जलन ने परेशान किया। सांस संबंधी रोगियों के लिए भी मुश्किल बढ़ गई हैं। मेरठ का एयर क्वालिटी इंडेक्स 287 से बढ़कर 384 पहुंच गया। सोमवार को एनसीआर में मेरठ पांचवें स्थान पर रहा। दिन में धूप के दर्शन नहीं हुए, वहीं हवा के कारण ठंड का अहसास हुआ।
विज्ञापन
वहीं बागपत जिले में एक्यूआई 500 पहुंच गया। इसके बाद ग्रैप-4 लागू कर दिया गया है। अब किसी भी तरह का निर्माण कार्य नहीं किया जाएगा और दिल्ली-देहरादून इकॉनोमिक कॉरिडोर समेत अन्य सभी कार्यों पर रोक लगा दी गई है। बीएस-3 व 4 वाहनों के संचालन पर भी प्रतिबंध लग गया है। नगर निकायों में दिन में कई बार पानी का छिड़काव करने के आदेश दिए हैं।
शहर घंटाघर का नजारा।
- फोटो : अमर उजाला
एनसीआर क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) का चौथा चरण लागू किया जा चुका है। दिल्ली में तो कक्षा 12 तक के सभी स्कूलों को बंद कर ऑनलाइन क्लास चलाने के निर्देश दिए गए हैं। हालात बेहद खराब हैं और बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक की सेहत पर प्रदूषण वार कर रहा है। यहां सीजन में पहली बार सुबह से ही शहर पर स्मॉग की छाया का असर नजर आया। सुबह से शाम तक स्मॉग के कारण घने कोहरे जैसे हालात बने रहे।
कमिश्नरी चौराहे के निकट का नजारा।
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली में प्रदूषण का स्तर 494 तक दर्ज किया गया। पड़ोसी जिले गाजियाबाद में 441, गुरुग्राम में 469, ग्रेटर नोएडा में 373, हापुड़ में 436 और नोएडा में एक्यूआई 425 तक रहा।
समय एक्यूआई
सुबह आठ बजे 302
सुबह 10 बजे 325
दोपहर 12 बजे 340
दोपहर दो बजे 366
शाम चार बजे 372
साढ़े पांच बजे 384
शहर के विभिन्न इलाकों में एक्यूआई
इलाका एक्यूआई
केसरगंज 350
शॉप्रिक्स मॉल 372
गंगानगर 341
जयभीमनगर 392
पल्लवपुरम 419
कैंट स्टेशन 390
दिल्ली रोड 392
हापुड़ चौराहा 366
बेगमपुल 380
सदर बाजार 385
सीजन में सबसे ठंडा रहा सोमवार
पहाड़ों पर बर्फबारी व बारिश के कारण मैदानी इलाकों में ठंड का असर बढ़ गया है। सीजन में सोमवार सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। तापमान गिरकर 21 डिग्री के पास पहुंच गया। कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि पहाड़ों पर बर्फबारी शुरू हो गई है। इससे मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ने लगी है। मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 21.9 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 15.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा की गति चार से छह किमी प्रति घंटा रही।
लोगों को भी जागरूक रहना होगा
प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। सड़कों पर लगातार पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। लोगों को भी जागरूक होने की जरूरत है। अधिकांश लोग कूड़ा जला देते हैं और किसान पराली, इसे रोकना होगा। साथ ही खुले में डस्ट न रहने दें। रेत को कवर करके रखें। - भुवन प्रकाश यादव, क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी
स्मॉग का असर, बढ़ने लगे बीमार
स्मॉग का असर लोगों की सेहत पर पड़ने लगा है। सोमवार को मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल की ओपीडी में 4739 मरीज पहुंचे। इनमें ज्यादा संख्या खांसी-जुकाम, बुखार, गले में इंफेक्शन आदि के रहे। बच्चों और बुजुर्गों की भी संख्या काफी रही। चिकित्सकों का कहना है कि बाहर निकलें तो मुंह और नाक को मास्क या रुमाल से ढक लें। गुनगुने पानी से गरारे करते रहें। सीएमओ ने कहा कि ठंड बढ़ गई है, स्मॉग है और प्रदूषण का स्तर भी ज्यादा है। ऐसे में लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है।