चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) की फर्जी डिग्री पर छत्तीसगढ़ में सात लोगों ने सरकारी शिक्षक की नौकरी पा ली। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर के बीएसए को शैक्षिक दस्तावेजों पर संदेह हुआ तो उन्होंने यहां विवि से सत्यापन कराया। इसमें यह फर्जीवाड़ा सामने आया। हैरानी की बात तो यह है कि यहां विवि में डीएड कोर्स है भी नहीं, इसके बावजूद इस कोर्स की डिग्री दिखाते हुए एक महिला ने नौकरी हासिल कर ली। सीसीएसयू ने दस्तावेजों की जांच रिपोर्ट छत्तीसगढ़ भेज दी है।
जिला सूरजपुर के स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय (अंग्रेजी माध्यम) में व्याख्याता, प्रधान पाठक, शिक्षक, सहायक शिक्षक, सहायक शिक्षक प्रयोगशाला आदि पदों पर नियुक्तियां हुई थीं। भर्ती प्रक्रिया के तहत लोगों को चयन कर ज्वाइनिंग कराई गई। कुछ समय बाद सूरजपुर के बीएसए को तीन महिला समेत सात लोगों की डिग्रियों पर संदेह हुआ। उन्होंने एक कर्मी को डिग्री लेकर जांच करने के लिए भेजा। जांच में स्पष्ट हुआ कि 2020 की एमएससी, 2019 की एमएड, 2022 की एमए, 2014 की डीएड, 2022 की बीसीए और एमए की डिग्री फर्जी हैं। इन पर अंकित अंक विवि के मुख्य रजिस्टर पर अंकित अंकों से मेल नहीं खा रहे। इस पर विवि ने दस्तावेज फर्जी होने के बारे में सूरजपुर में बीएसए को अगवत करा दिया है।