घर-घर पहुंचकर जुटाई निर्माण संबंधी जानकारी
सोमवार को आवास विकास परिषद की टीम ने शास्त्रीनगर के सेक्टर-2 और सेंट्रल मार्केट क्षेत्र में सर्वे अभियान चलाया। टीम के सदस्यों ने मकानों में जाकर निर्माण संबंधी आवश्यक जानकारियां जुटाईं और संबंधित अभिलेख तैयार किए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि टीम के घर-घर पहुंचने से लोगों में असमंजस और चिंता का माहौल बना हुआ है।
धरना स्थल पर महिलाओं का प्रदर्शन जारी
सेक्टर-2 स्थित धरना स्थल पर महिलाओं का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी रहा। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने आवास विकास परिषद की कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए कहा कि क्षेत्रवासियों की सहमति के बिना इस प्रकार की कार्रवाई उचित नहीं है। महिलाओं का कहना है कि स्थानीय निवासियों की बात सुने बिना कोई भी निर्णय नहीं लिया जाना चाहिए।
सेक्टर-3 और सेक्टर-4 में दी चेतावनी
शास्त्रीनगर सेक्टर-3 और सेक्टर-4 के चौराहे पर धरना दे रही महिलाओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जिस प्रकार सेक्टर-2 में घरों के भीतर जाकर जानकारी जुटाई गई है, वैसी कार्रवाई उनके क्षेत्रों में नहीं होने दी जाएगी।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि बिना अनुमति किसी घर में प्रवेश करने का प्रयास किया गया तो उसका विरोध किया जाएगा। महिलाओं ने आवास विकास परिषद से संवाद स्थापित कर विवाद का समाधान निकालने की मांग भी की।