स्कूल छोड़ने के बाद पहुंचे थे आराध्य प्ले स्कूल
गंगानगर निवासी राहुल त्यागी के मुताबिक, वह शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे अपनी पत्नी रीना त्यागी को स्कूल छोड़ने के बाद प्रीतनगर स्थित आराध्य प्ले स्कूल पहुंचे थे। उनकी पत्नी ऋषभ एकेडमी मवाना में प्रधानाध्यापिका हैं।
राहुल का आरोप है कि ढिकोली गांव निवासी शानू चौहान पुत्र जयवीर चौहान पहले से अपने दो साथियों के साथ वहां घात लगाकर बैठा था। आरोप है कि वहां पहुंचते ही तीनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और डंडों व लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
चीख-पुकार सुनकर पहुंचे लोग, आरोपी फरार
पीड़ित के अनुसार, हमले में उनके हाथों और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। चीख-पुकार सुनकर स्कूल की अध्यापिका कमलेश दीक्षित, नीलम और आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े।
आरोप है कि लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पहले भी शिक्षक पर हमले का लगाया आरोप
राहुल त्यागी ने आरोप लगाया कि शानू चौहान लंबे समय से गुंडागर्दी और दबंगई के बल पर उन्हें परेशान कर रहा था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पांच सितंबर 2025 को शानू चौहान ने ऋषभ एकेडमी के शिक्षक धीरज पर भी हमला किया था। उनके मुताबिक, बाद में आरोपी ने माफी मांग ली थी।
पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग
पीड़ित राहुल त्यागी ने मवाना थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।