विवादित बयानबाजी पर विरोध और कार्रवाई की चेतावनी
सचिन सिरोही ने कहा कि 14 नवंबर को नौचंदी ग्राउंड में होने वाली सभा के दौरान यदि ओवैसी की ओर से राष्ट्रविरोधी या हिंदू धर्म के खिलाफ कोई बयान दिया जाता है अथवा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए गलत टिप्पणी की जाती है तो संगठन इसका पूर्ण विरोध करेगा। उन्होंने कहा कि मेरठ का माहौल किसी भी तरह की विवादित बयानबाजी से दोबारा बिगड़ने नहीं दिया जाएगा।
शौकत अली के पुराने बयान का मामला उठाया
सिरोही ने AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली के करीब सात महीने पहले मेरठ में हुई जनसभा में दिए गए कथित बयान का भी मुद्दा उठाया। उनके अनुसार, शौकत अली ने उस सभा में कहा था, "अगर किसी ने मुस्लिमों का एनकाउंटर किया तो हम उसका एनकाउंटर कर देंगे।" इस बयान को लेकर मेरठ के लोहियानगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
सचिन सिरोही ने दावा किया कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अब तक शौकत अली की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की कि 14 नवंबर की सभा से पहले या सभा के दौरान शौकत अली की गिरफ्तारी सुनिश्चित कराई जाए। इसके लिए उन्होंने मेरठ पुलिस को गिरफ्तारी के आदेश देने की मांग भी की।
जनसभा की वीडियोग्राफी कराने की मांग
सचिन सिरोही ने जनसभा की अनुमति दिए जाने को लेकर भी मेरठ पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से पूरे कार्यक्रम की वीडियोग्राफी कराने की मांग की, ताकि सभा के दौरान किसी भी तरह की विवादित बयानबाजी होने पर उसके आधार पर कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने कहा कि यदि कार्यक्रम में कोई आपत्तिजनक बयान दिया जाता है तो पुलिस प्रशासन को उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि मेरठ का माहौल खराब करने वाली किसी भी बयानबाजी का विरोध किया जाएगा।