क्रिकेट बैट और गेंद के लिए मशहूर मेरठ अब कैरम बोर्ड के निर्यात में भी अपनी पहचान बना रहा है। मेरठ से सालाना 90 करोड़ रुपये से अधिक के कैरम बोर्ड का निर्यात हो रहा है। दुबई, ओमान, कुवैत, बहरीन और दक्षिण अफ्रीका समेत कई देशों में यहां बने कैरम बोर्ड पहुंच रहे हैं। स्थानीय कारोबारियों के अनुसार, इस उद्योग से 400 से अधिक छोटी-बड़ी फैक्टरियां और प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से 50 हजार से अधिक लोग जुड़े हैं।