बेगमपुल पर रिटायर्ड न्यायिक अधिकारी की बेटी से एक युवक ने छेड़छाड़ कर दी। आरोपी ने युवती का हाथ पकड़ लिया। शोर मचाने पर काफी संख्या में लोग एकत्र हो गए और उन्होंने आरोपी की पिटाई करनी शुरू कर दी। सूचना पर सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ के चंगुल से निकालकर थाने भेजा। आरोपी को हवालात में बंद किया गया।
रजबन में रिटायर्ड न्यायिक अधिकारी अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनकी एक बेटी एलएलबी की पढ़ाई करने के साथ ही कचहरी में अधिवक्ताओं के साथ प्रैक्टिस भी करती है। मंगलवार शाम वह बुढ़ाना गेट से ई-रिक्शा से घर लौट रही थी। बेगमपुल पर एक साड़ी शोरूम के पास ई-रिक्शा चालक ने युवती को उतार दिया। इसी दौरान एक युवक वहां आया। उसने युवती का हाथ पकड़ लिया। युवती ने शोर मचाया तो कुछ लोगों ने आरोपी की पिटाई कर दी।
इसके बाद युवती ने भी चप्पलों से युवक को जमकर पीटा। इससे सड़क पर हंगामा हो गया। सदर बाजार पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस दोनों पक्षों को थाने लेकर पहुंची। सदर बाजार थाने में कुछ अधिवक्ता भी पहुंच गए। इसके बाद थाने में ही हंगामा होने लगा।
पूछताछ में आरोपी ने खुद को लिसाड़ी गेट निवासी रोशन बताया। पुलिस ने आरोपी को हवालात में बंद कर दिया। यहां आरोपी हाथ जोड़कर माफी मांगने लगा, लेकिन परिजन आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े थे। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पीड़ित युवती की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आरोपी युवक नशे में बताया गया है।