अंतरराष्ट्रीय अंपायर अनिल चौधरी होंगे मैच का हिस्सा, कई बड़े मैचों में कर चुके हैं अंपायरिंग
उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच खेले जाने वाले रणजी ट्रॉफी मैच में अंतरराष्ट्रीय स्तर के अंपायर अनिल चौधरी अंपायरिंग करेंगे। उनके साथ दूसरे अंपायर अक्षय मराठे होंगे। मैच रेफरी श्री कुमार रहेंगे।
अनिल चौधरी कई अंतरराष्ट्रीय स्तर के मैचों में अंपायरिंग कर चुके हैं। वह मूल रूप से शामली के रहने वाले हैं। उन्होंने 27 नवंबर 2013 को भारत और वेस्टइंडीज के बीच हुए अपने पहले मैच में अंपायरिंग की थी। 2018 में उन्हें सत्रह ऑन फील्ड अंपायरों में नामित किया गया था।
2018 और 2029 के अंडर 19 क्रिकेट विश्व कप में अंपायरिंग करने का अनुभव भी उनके पास है। वह 26 से अधिक वनडे मैच, 44 टी-20 के अलावा टेस्ट मैच में भी अंपायरिंग कर चुके हैं। 5 फरवरी 2021 को उन्होंने भारत और इंग्लैंड के बीच हुए मैच में ऑन फील्ड अंपायरिंग की।
अभी पिछले वर्ष 27 सितंबर 2023 को ही भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच हुए वनडे में भी उन्होंने अंपायरिंग की थी। 2023-24 के सीजन के लिए उन्हें आईसीसी अंपायरों के अंतरराष्ट्रीय पैनल में भी नामित किया गया है।
खुद जाहिर की मेरठ में अंपायरिंग की इच्छा
यूपीसीए के डायरेक्टर डॉ. युद्धवीर सिंह ने बताया कि अनिल चौधरी ने खुद मेरठ में रणजी मैच में अंपायरिंग करने की इच्छा जाहिर की थी। वह इससे पहले भी यह इच्छा जाहिर कर चुके थे। मेरठ उनकी पसंद में हमेशा से रहा है। इस बार उन्हें मेरठ में मैच में अंपायरिंग करने का मौका मिल रहा है।