रजपुरा ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक बुधवार को शराब के नशे में स्कूल पहुंचे। बच्चों के परिजनों ने गंगानगर पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मेडिकल कराया तो अल्कोहल की पुष्टि हुई। आरोपी पिछले 20 साल से इसी विद्यालय में प्रधानाध्यापक तैनात है और कई साल से शराब के नशे में स्कूल आ रहा है। पूर्व में एक मामले में विद्यालय में अनियमितताओं को लेकर रजपुरा खंड शिक्षा अधिकारी अनुशासनिक कार्रवाई की संस्तुति कर चुके हैं।
गांव मामेपुर में कंपोजिट विद्यालय हैं। यहां मीनाक्षीपुरम निवासी शिक्षक पिछले 20 वर्षों से तैनात है। वर्तमान में वह प्रधानाध्यापक है। बुधवार सुबह गंगानगर थाने के इंस्पेक्टर अनूप सिंह को ग्रामीण ने कॉल कर बताया कि प्रधानाध्यापक अकसर शराब के नशे में विद्यालय आता है। आज भी वह शराब के नशे में हैं। बच्चे उस पर हंस रहे हैं और वह लड़खड़ा रहा है।
सूचना पर गंगानगर की फैंटम-2 विद्यालय पहुंच गई। वहां बातचीत के बाद प्रधानाध्यापक को थाने ले आई। इंस्पेक्टर ने मेडिकल जांच कराने को कहा। तो वहां पहुंचे आरोपी के परिजनों ने विरोध जताया। परंतु पुलिस ने प्रधानाध्यापक की मेडिकल जांच कराई। इस मामले में सीओ सदर देहात शिव प्रताप सिंह ने बताया कि मेडिकल जांच में अल्कोहल की पुष्टि हुई है। शिक्षा विभाग को रिपोर्ट भेजी जाएगी, विभाग कार्रवाई करेगा।
अनियमितताओं पर पाया गया है दोषी
मामेपुर उच्च प्राथमिक विद्यालय में अनियमितताओं को लेकर पूर्व में शिक्षा विभाग में शिकायत की गई थी। जांच खंड शिक्षा अधिकारी रजपुरा सुरेंद्र कुमार गौड़ ने कंपोजिट ग्रांट राशि का प्रयोग न करना, मिड-डे मिल, सुबह फल-दूध का वितरण न करना सहित 10 बिंदुओं पर जांच की। इनमें अनियमितता पाई गईं। इस मामले में खंड शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र कुमार गौड़ का कहना है कि प्रधानाध्यापक के खिलाफ 28 अगस्त को अनुशासनिक कार्रवाई की संस्तुति की थी।