मेरठ के सूरजकुंड स्थित श्मशान घाट में बृहस्पतिवार रात साढ़े आठ बजे शर्मसार करने वाली घटना हो गई। अंतिम संस्कार कराने वाले दो पुरोहितों में पैसे को लेकर मारपीट हो गई। जानकारी लगते ही सिविल लाइन थाना पुलिस पहुंची। पुरोहितों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में तहरीर दी।
विज्ञापन
इस समय कोरोना संक्रमण से रोजाना लोगों की मौत हो रही है। आलम ये है कि कोरोना के चलते सूरजकुंड पर श्मशान घाट में अपनों का अंतिम संस्कार करने के लिए लोगों को इंतजार करना पड़ रहा है। संकट की इस घड़ी में भी कुछ लोग आपदा में अवसर तलाश रहे हैं। इसी से जुड़ा मामला गुरुवार को सिविल लाइन थाने में पहुंचा।
पुलिस के मुताबिक दो पुरोहितों में दक्षिणा के पैसे को लेकर विवाद हो गया। दोनों में मारपीट भी हुई। एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए हैं। अंतिम संस्कार कराने में जो पैसे परोहित को मिलते हैं, उसको लेकर विवाद है। दोनों पुरोहित वहां लोगों के अंतिम संस्कार कराते हैं। वह एक दूसरे पर ज्यादा लोगों के पैसे लेने का आरोप लगा रहे हैं। दोनों ने तहरीर दी है। जांच की जा रही है।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि इस घटना में एक पुरोहित को ज्यादा चोट लगी है। इस घटना से श्मशान घाट में दो घंटे का कार्य प्रभावित हुआ। वहीं, नगर आयुक्त मनीष बंसल और गंगा मोटर कमेटी से घटना के बारे में जानकारी ली गई। कमेटी के कोषाध्यक्ष अनिल मित्तल ने दावा किया कि अंतिम संस्कार में किसी तरह की रुकावट नहीं आई है।
दोनों पुरोहितों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दे दी है। सिविल लाइन पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी। दोनों पुरोहितों के बयान दर्ज होंगे। श्मशान घाट में व्यवस्था को खराब नहीं होने दिया जाएगा। -विनीत भटनागर, एसपी सिटी