फिल्म उदयपुर फाइल्स का पोस्टर जलाने के आरोप में लिसाड़ीगेट पुलिस ने एआईएमआईएम के पार्षद फजल करीम समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फेसबुक पोस्ट पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए सिविल लाइन थाने में तहरीर दी थी। इस पर अभी तक सिविल लाइन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
सचिन सिरोही ने लिसाड़ीगेट थाने में तहरीर दी थी। इसमें बताया था कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया गया है। इसमें कुछ लोग उदयपुर फाइल्स का पोस्टर जलाकर उसे पैरों से रौंद रहे हैं। वीडियो लिसाड़ीगेट क्षेत्र का बताते हुए देशद्रोही नारे लगाने का आरोप भी उन्होंने लगाया था।
लिसाड़ीगेट पुलिस ने बीएनएस की धारा 299 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। सीओ कोतवाली अंतरिक्ष जैन ने बताया कि इस मामले में लिसाड़ीगेट क्षेत्र के दक्षिणी इस्लामाबाद निवासी फजल करीम, भूमिया का पुल निवासी शाहिद कोतवाली क्षेत्र के सराय बहलीम निवासी अनीस और भावनपुर क्षेत्र के अब्दुल्लापुर निवासी कासिम को गिरफ्तार कर लिया।
फजल करीम एआईएमआईएम का वार्ड-71 से नगर निगम पार्षद हैं। आरोपियों का चालान कर कोर्ट में पेश किया। सचिन सिरोही ने बताया कि उन्होंने एक युवक पर उनकी फेसबुक पोस्ट पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए सिविल लाइन थाने में तहरीर दी थी। रिपोर्ट दर्ज न होने पर वह अनिश्चितकालीन धरना देंगे। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।