Meerut News: वैन चालक कुलदीप ने केंद्रीय विद्यालय सिख लाइंस के बच्चों से भरी वैन गोली की रफ्तार से चलाई। वैन पलटने के बाद कई बच्चों की हड्डी टूट गई। घायल बच्चों को अस्पताल ले जाया गया।
रुड़की रोड स्थित जादूगर चौराहे पर सोमवार दोपहर केंद्रीय विद्यालय सिख लाइन के बच्चों से भरी निजी स्कूल वैन के चालक कुलदीप ने मेरठ की ओर आ रही बलेनो कार में टक्कर मार दी। वैन पलट गई और चीख-पुकार मच गई। वैन में 12 बच्चे थे। इनमें पांच बच्चे कक्षा दो की शिवांशी, कक्षा आठ के शौर्य, कक्षा पांच के शिवराम, कक्षा चार के संयम और कक्षा छह के विराट निवासी रोहटा घायल हो गए।
विज्ञापन
हादसे के बाद रोते बच्चे।
- फोटो : अमर उजाला
राहगीरों ने बच्चों को वैन से बाहर निकाला। बाद में पुलिस ने घायल बच्चों को पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपी वैन चालक शराब के नशे में था। उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, घटना के बाद परिजन घटनास्थल की ओर दौड़े और बच्चों का हालचाल जाना।
एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि लालकुर्ती क्षेत्र के तोपखाना के पास केंद्रीय विद्यालय सिख लाइन स्कूल है। सोमवार को वैन चालक कुलदीप बच्चों को रोहटा रोड पर घर छोड़ने के लिए जा रहा था। एसपी के अनुसार चालक ने शराब के नशे में बिना देखे तेज रफ्तार में सड़क पार करने की कोशिश की। इसी दौरान मेरठ की ओर से आ रही बलेनो कार में टक्कर मार दी। इससे स्कूल वैन पलट गई। वैन में सवार बच्चे चिल्लाने लगे।
हादसे के बाद सड़क पर राहगीरों की भीड़ एकत्र हो गई। राहगीरों ने किसी तरह वैन में फंसे स्कूली बच्चों को बाहर निकाला। वैन चालक ने भागने का प्रयास किया, मगर लोगों ने चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
उपचार के बाद बच्चों को घर भेजा, वैन सीज होगी
घटना की सूचना पर एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र मिश्रा और सदर पुलिस पहुंची। पुलिस ने पांचों घायल बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया। संयम के सीधे हाथ की हड्डी व शौर्य के उल्टे पैर की हड्डी टूट गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद केंद्रीय विद्यालय से सेना के जवान भी बच्चों का हाल जानने पहुंचे।
प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों को पुलिस ने घर भिजवाया। हादसे के बाद लगे जाम को पुलिस ने खुलवाकर राहगीरों को रवाना किया। एसपी ट्रैफिक का कहना है कि आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। स्कूल वैन को सीज किया जाएगा। उसकी फिटनेस की भी जांच कराई जा रही है।
बच्चों को अस्पताल में दिए चॉकलेट बिस्कुट
सड़क हादसे में घायल बच्चों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया था। एसपी ट्रैफिक घटनास्थल के बाद घायल बच्चों से मिलने के लिए अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बच्चों का हाल जाना। इस दौरान उन्होंने बच्चों को चॉकलेट बिस्कुट दिए। साथ ही बच्चों का हौसला बढ़ाया।
मेडिकल में चालक के शराब पीने की पुष्टि
सीओ कैंट नवीना शुक्ला ने बताया कि सड़क हादसे के बाद पुलिस ने आरोपी वैन चालक कुलदीप को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोप वैन चालक का चिकित्सीय परीक्षण कराया था। इसमें शराब पीने की पुष्टि हुई है। आरोपी की हरकत के चलते बड़ा सड़क हादसा हो सकता था। रजबन चौकी प्रभारी निर्मल सती की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और बच्चों की जान जोखिम में डालने का केस दर्ज कर लिया गया है।