रेलवे रोड को बागपत रोड से जोड़ने वाली लिंक रोड के दिवाली तक शुरू होने की उम्मीद है। बृहस्पतिवार को मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) के नाम आशीर्वाद अस्पताल के बराबर वाले प्लॉट का बैनामा हो गया। अब पहले फेज के अंतर्गत इस प्लॉट से सात मीटर चौड़ी सड़क शुरू की जाएगी। इस मार्ग पर आने वाली करीब 100 मीटर जमीन के लिए रक्षा विभाग की ओर से अनापत्ति दे दी गई है, इसके बाद मेडा ने सड़क निर्माण के लिए लोकनिर्माण विभाग को पत्र जारी कर दिया है।
बागपत रोड पर आशीर्वाद अस्पताल के बराबर में एसके गुप्ता का प्लॉट है। इस पर 6.9 मीटर चौड़ा रास्ता बनाया जाएगा। इसकी 62 वर्ग मीटर जमीन के लिए मेडा की ओर से एक करोड़ 11 लाख रुपये का मुआवजा दे दिया था। संपर्क मार्ग को बागपत रोड से जोड़ने के लिए नाले पर पाइप भी हाल ही में डाले गए थे। बागपत रोड मुख्य मार्ग की ओर से प्लॉट की दीवार तोड़ी जा चुकी है। अब पीछे की ओर से लोक निर्माण विभाग दीवार तोड़कर सड़क निर्माण शुरू करेगा।
मेडा उपाध्यक्ष संजय कुमार मीना ने बताया कि अस्पताल के बराबर वाले प्लॉट से पहले फेज में 7 मीटर चौड़ा रास्ता बनाया जाएगा। इसके लिए बुधवार को रजिस्ट्री की जानी थी लेकिन सर्वर डाउन होने के कारण नहीं हो सकी थी। बृहस्पतिवार को यह प्रक्रिया पूरी की गई। उन्होंने बताया कि प्राधिकरण ने अपने स्वामित्व का बोर्ड भूखंड पर लगा दिया है। रक्षा विभाग के अंतर्गत 100 मीटर जमीन के लिए अनापत्ति मिल गई है। ऐसे में मार्ग निर्माण के लिए लोनिवि को पत्र जारी किया गया है।
उधर, आशीर्वाद अस्पताल के मुआवजे के लिए सर्किल रेट में बदलाव के कारण फिर से मूल्यांकन किया गया। पहले यह 65 लाख रुपये था तो अब यह बढ़कर 95 लाख रुपये हो गया है। अस्पताल के मालिक डा. प्रदीप बंसल की ओर से लिंक रोड के रास्ते में आ रहे अस्पताल के हिस्से को तोड़ने के लिए शुक्रवार तक का समय लिया गया है। मुआवजा देने के बाद दूसरे फेज में अस्पताल वाले हिस्से से सात मीटर चौड़ा मार्ग निकाला जाएगा। उन्होंने पहले फेज के अंतर्गत दीपावली तक मार्ग शुरू होने की संभावना जताई है।