मूल रूप से बागपत के रहने वाले पायलट अभिनव चौधरी की गुरुवार रात को एयर फोर्स के फाइटर विमान क्रैश होने से मौत हो गई। अभिनव बागपत के पुसार गांव के रहने वाले थे। वर्तमान में अभिनव चौधरी अपने परिवार के साथ मेरठ के गंगासागर कॉलोनी में रहते थे। 25 दिसंबर 2019 को शादी में दहेज में मिली नकदी लौटा कर उन्होंने सिर्फ एक रुपया लिया था। जिसके बाद वे काफी चर्चाओं में आये थे।
पंजाब के मोगा के पास गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे भारतीय वायुसेना का एक मिग-21 लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। एसपी (हेडक्वार्टर) गुरदीप सिंह के अनुसार, हादसे में पायलट अभिनव चौधरी की मौत हो गई। हादसा मोगा से करीब 25 किलोमीटर बाघापुराना के गांव लंगियाना खुर्द के पास हुआ। विमान के गिरते ही उसमें आग लग गई थी। बागपत के पुसार गांव निवासी किसान सतेंद्र चौधरी सी-91 गंगासागर कॉलोनी में सपरिवार रहते हैं। उनका होनहार बेटा अभिनव चौधरी वायु सेना में मिग-21 का फाइटर पायलट थे। वह इस समय पठानकोट एयरबेस में तैनात थे। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट कर दुख जताया। उन्होंने लिखा, पंजाब के मोगा में वायुसेना के विमान मिग-21 के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण स्क्वाड्रन लीडर अभिनव चौधरी की मृत्यु का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति व शोकाकुल परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करे।