मेरठ-गाजियाबाद रेलवे लाइन पर रिठानी-वेदव्यासपुरी मार्ग पर पूठा गांव में ओवरब्रिज बनेगा। रेलवे फाटक पर पुल बनने के बाद यहां पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। इसके लिए 50 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बना कर रेलवे विभाग को भेजा गया है। पुल बनने पर फाटक बंद कर दिया जाएगा।
रिठानी से वेदव्यासपुरी अब मुख्य मार्गों में शामिल हो गया है। यह मार्ग दिल्ली मार्ग को दिल्ली-हरिद्वार नेशनल हाईवे-58 को जोड़ता है। वेदव्यासपुरी के अलावा आरआरएफ का ट्रेनिंग सेंटर भी है। इसलिए इस मार्ग पर यातायात भी बहुत रहता है। यहां पर गांव पूठा में इंडियन ऑयल का डिपो भी है। इसके लिए अलग से रेलवे लाइन है। साथ ही इसके बराबर में मेरठ-गाजियाबाद-सहारनपुर मुख्य डबल रेल मार्ग है। ट्रेनों और मालगाड़ियों के आवागमन के कारण यहां पर अक्सर फाटक बंद रहने से जाम के हालत बने रहते हैं।
इसे देखते हुए कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने यहां रेलवे लाइन पर ओवरब्रिज बनाने का प्रस्ताव बना कर रेलवे विभाग को भेजा है। इस रेलवे फाटक का 700 मीटर लंबा दो लेन वाला ओवरब्रिज पुल बनाने के लिए 50 करोड़ रुपये की लागत आएगी। वैसे भी रेलवे की हर फाटक को बंद करने की योजना है। सभी रेलवे फाटकों पर अंडरपास और ओवरब्रिज बनाए जाएंगे। इस फाटक पर भी ओवरब्रिज बनने से यहां पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। साथ ही यातायात बिना किसी अवरोध के सुलभता से गुजरेगा। विधायक अमित अग्रवाल का कहना है कि जल्द ही यह प्रस्ताव मंजूर होगा। इसके बाद रेलवे और उप्र सेतु निगम के द्वारा ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाएगा।
जागृति विहार एक्सटेंशन तक 36 मीटर चौड़ी सड़क पर शुरू होगा काम
आवास एवं विकास परिषद जागृति विहार एक्सटेंशन योजना में विकास कार्य में तेजी लाने की तैयारी में है। एक व दो मंजिला मकान के लिए खोले गए पंजीकरण में लोगों ने काफी रुझान दिखाया है। कुटी चौराहे से योजना तक जाने वाले संकरे मार्ग को अब चौड़ा करने की तैयारी है। यह मार्ग 36 मीटर चौड़ा होगा, जिसके लिए पैमाइश का काम पूरा हो गया है। अगले महीने से निर्माण शुरू करने की तैयारी है।