आर्य नगर में शुक्रवार सुबह शारदा देवी के मकान में लगे सीसीटीवी में तेंदुए की फुटेज सामने आई थी। सूचना के बाद वन विभाग की टीम ने तेंदुए की तलाश की थी, लेकिन तेंदुए का सुराग नहीं लग सका था। शनिवार को भी पूरे दिन तेंदुए की दहशत क्षेत्र में बनी रही। तुलसी कॉलोनी, आर्य नगर व गोविंदपुरी सहित अन्य कॉलोनी में लोगों ने हाथों में डंडा लेकर खुद ही पहरा दिया।
वन विभाग की टीम ने कई घंटे तक क्षेत्र में कांबिंग की। वन विभाग की टीम ने तेंदुए को पकड़ने के लिए आरवीसी सेंटर व सरधना रोड पर कृषि फार्म हाउस में जाल व पिंजरा लगाया। लेकिन 24 घंटे बाद भी तेंदुए हर नजर से दूर रहा। स्थानीय लोगों के अनुसार तेंदुए ने क्षेत्र के कुत्तों का शिकार भी किया है। आर्य नगर में एक कुत्ते पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया है।
युवक पर किया हमला
श्रद्धापुरी निवासी कालू का कैलाशी अस्पताल के पास एक ढाबा है। कालू ने बताया कि शनिवार देर शाम वह ढाबे के पीछे नाले की तरफ लघुशंका करने के लिए गया था। तभी झाड़ियों से निकलकर तेंदुए जैसे एक वन्य जीव ने उस पर हमला किया। बड़ी मुश्किल से वह अपनी जान बचाकर वहां से भागा और तेंदुए के होने का शोर मचाया। शोर सुनकर वहां लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस व लोगों ने तलाश की लेकिन कुछ नहीं मिला।
क्षेत्र में तेंदुए को पकड़ने के लिए 3 जगहों पर पिंजरे लगाए गए हैं। 12 जगहों पर ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं। लोगों को बताया जा रहा है कि वह ऐसे में क्या करें और क्या न करें। कोई भी सूचना हो तो उसे वन विभाग को देने की अपील लोगों से की गई है। -अंशु चावला , एडीओ वन विभाग