दिलकश प्राकृतिक नजारे और ऐतिहासिक स्थलों की विरासत, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ऐसे कई स्थल हैं, जो शूटिंग के लिए फिल्म निर्माताओं को आकर्षित कर सकते हैं। नोएडा में बन रही नई फिल्म सिटी से इस क्षेत्र का पर्यटन भी विकसित होगा।
मुख्यमंत्री योगी ट्वीट कर राजा भरत की जन्मस्थली के आसपास फिल्म सिटी बनाने की घोषणा कर चुके हैं। राजा भरत की जन्मस्थली कण्व ऋषि का आश्रम बिजनौर में है। यहां गंगा अपने आप में शूटिंग के लिए सबसे बड़ी लोकेशन है। कालागढ़ डैम और अमानगढ़ वन रेंज में भी बहुत खूबसूरत कुदरती नजारे हैं। सहारनपुर में शिवालिक की पहाड़ियों के बीच मां शाकंभरी देवी मंदिर है। मोहंड, बादशाहीबाग और सहंस्रा ठाकुर में मौसमी झरने और बादशाही बाग में हथनीकुंड बैराज के पास शाहजहां की शिकारगाह है।
बागपत में महाभारत कालीन बरनावा, पुरा गांव का श्री परशुरामेश्वर महादेव मंदिर, बड़ा गांव जैन मंदिर ऐसे स्थान हैं, जहां फिल्मों की शूटिंग और टीवी सीरियल की शूटिंग हो सकती है। हस्तिनापुर में ऐतिहासिक कर्ण मंदिर, द्रोपदेश्वर मंदिर, द्रोपदी घाट, प्राचीन पांडवेश्वर महादेव मंदिर, उल्टा खेड़ा पांडव किला, वन सेंक्चुरी क्षेत्र हैं। मुजफ्फरनगर में शुकतीर्थ, संभलहेड़ा का पंचमुखी महादेव मंदिर, मुझेड़ा सादात गांव के ऐतिहासिक पुरानी इमारतों के अलावा हाईवे पर बने कई रिसॉर्ट हैं, जहां शूटिंग हो सकती है।
यह भी पढ़ें: नवाजुद्दीन सिद्दीकी बोले- बॉलीबुड को बदनाम न किया जाए, फिल्म सिटी के निर्णय पर कही ये अहम बातें
शूटर दादियों पर बनी तापसी पन्नू और भूमि पेडनेकर की फिल्म सांड़ की आंख की शूटिंग बागपत के गांव जौहड़ी में हो चुकी है। सलमान खान की फिल्म सुल्तान की शूटिंग भी शुकतीर्थ और मोरना मुजफ्फरनगर में हुई थी। सहारनपुर में आम्रपाली फिल्म की शूटिंग रिमाउंट डिपो के भीतर हुई थी, जिसमें रिमाउंट डिपो के घोड़े लिए गए थे।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/