06:05 PM, 09-Feb-2023
पर्यावरण संरक्षण की अलख जगाने साढ़े तीन हजार किलोमीटर दौड़ा गंगोह का अभि कौशिक
पर्यावरण के प्रति प्रेम ने अभि कौशिक के हौसले, जज्बे और पैरों को ऐसे पंख लगाए कि वह कश्मीर से कन्या कुमारी तक दौड़ लगाकर देशवासियों को जागरूक करने निकल पड़ा। एक जनवरी को कश्मीर से आरंभ हुई उसकी पर्यावरण संरक्षण संदेश मैराथन यात्रा बृहस्पतिवार को कन्या कुमारी पहुंचकर संपन्न हो गई।
सहारनपुर में गंगोह के मोहल्ला छत्ता निवासी शिक्षक अशोक कुमार के 23 वर्षीय पुत्र अभि कौशिक बचपन से ही पर्यावरण की सुरक्षा को लेकर बेहद सजग रहते थे। वह अपने आसपास के क्षेत्र वासियों को भी इसके लिए लगातार जागरूक करते थे। लेकिन उन्हें लगता था कि केवल इतना काफी नहीं है, बल्कि इसके लिए व्यापक अभियान चलाने की आवश्यक्ता है। उन्होंने कश्मीर से कन्या कुमारी तक मैराथन दौड़ लगाकर जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया। लक्ष्य बड़ा था और इसके लिए काफी रकम की भी जरूरत थी। अभि ने अपने पिता को बताया तो उन्होंने भी उसको प्रोत्साहित किया। पिता ने गांव सांगाठेडा में स्थित जमीन पर बैंक से लोन ले लिया।
इसके अलावा अन्य मित्रों एवं अन्य लोगों ने भी सहयोग का आश्वासन दिया तो अभि ने अपने मकसद को अंजाम तक पहुंचाने के लिए जी तोड़ मेहनत शुरू कर दी। उसने कई महीने दौड़ का अभ्यास किया और एक जनवरी को जम्मू के भारत माता चौक पहुंचकर वहां से जागरूकता मेराथन आरंभ कर दी। लगातार 40 दिन तक लगभग 3550 किलोमीटर दौड़ते हुए अनेक राज्यों से होते हुए वह नौ फरवरी को कन्या कुमारी पहुंच गए। रास्ते में उन्होंने नागरिकों को अधिकाधिक वृक्ष लगाने, जल संरक्षण करने, पर्यावरण की रक्षा करने और रक्तदान करने के लिए जागरूक किया। कन्याकुमारी पहुंचने पर वहां अनेक लोगों ने उनका स्वागत किया।