एचएसआरपी के लिए ऐसे करें बुकिंग
हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट बनवाने के लिए वाहन स्वामी आधिकारिक वेबसाइट www.bookmyhsrp.com पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं। चार पहिया वाहन के लिए शुल्क 600-1000 रुपये और दो पहिया वाहन के लिए 300-400 रुपये का भुगतान करना होगा। नंबर प्लेट की होम डिलीवरी करवाने पर 250 और दो पहिया वाहनों के लिए 125 रुपये अतिरिक्त देने होंगे।
ये होती है हाई सिक्योरिटी प्लेट
हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट भारत में लाइसेंस प्लेट्स का स्टैण्डर्ड रूप है। इसकी खासियत यह है कि इसमें वाहन के मालिक की एवं उनके वाहन से जुड़ी सारी जानकारी निहित होती है। इसमें ड्राइविंग लाइसेंस के साथ ही आरसी, प्रदूषण प्रमाणपत्र, इंश्योरेंस आदि की सभी जानकारी रहेगी।
ट्रांसपोर्टर अपने सभी भारी वाहनों में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाने का काम कर रहे हैं, बाकी जो भी बचे हैं, सभी को शीघ्र नंबर प्लेट लगवाने की सलाह दी जा रही है। - रंजन शर्मा, ट्रांसपोर्टर
वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट को लेकर देहात में अभी जागरूकता की जरूरत है। जुर्माना कार्रवाई शुरू करने से पहले आरटीओ विभाग को जागरूकता अभियान चलाना चाहिए। - नियाज खान, कंकरखेड़ा
वाहन स्वामियों को जागरूक रहना चाहिए, जिस कंपनी के शोरूम से गाड़ी खरीदी है, उसी शोरूम पर जाकर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के लिए आवेदन किया जा सकता है । - अनुभव कोचर, वाहन शोरूम संचालक
आरटीओ विभाग को चाहिए कि हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के लिए जागरूकता अभियान चलाए। लोगों को अभी हाई सिक्योरिटी प्लेट की जानकारी नहीं है। तत्काल जुर्माने की कार्रवाई उचित नहीं है - सुधीर पुंडीर, एडवोकेट
काफी समय से किया जा रहा लोगों को जागरूक
वाहन स्वामियों को अपने वाहन के आगे और पीछे हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाने के लिए काफी समय से जागरूक किया जा रहा है। अभी काफी वाहन ऐसे हैं जिन पर एचएसआरपी नहीं है। जिन्होंने एचएसआरपी नहीं लगवाई है ऐसे वाहनों की फिटनेस, रि-रजिस्ट्रेशन आदि नहीं हो सकेगा। अभियान चलाकर ऐसे वाहनों पर जुर्माना लगाया जाएगा। - हिमेश तिवारी, आरटीओ